
राजकोट एयरपोर्ट पर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने दिया बड़ा बयान, अगर बोला तो मेरी नौकरी चली जाएगी
नई दिल्ली। संघ प्रमुख मोहन भागवत आज से 18 जुलाई तक गुजरात में रहेंगे। वह अखिल भारतीय प्रांत प्रचारकों की सालाना बैठक में शामिल होने कल राजकोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया के एक सवाल के जवाब में उन्होंने जवाब दिया कि अगर मैं बोला तो मेरी नौकरी चली जाएगी। अब उनके इस बयान के अर्थ निकाले जाने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वह प्रांत प्रचारकों की बैठक में कोई नया संदेश दे सकते हैं।
18 जुलाई तक सोमनाथ में रहेंगे भागवत
आपको बता दें कि 15 से 17 जुलाई तक अखिल भारतीय प्रांत प्रचारकों की तीन दिवसीय सालाना बैठक गुजरात के सोमनाथ मे होने वाली है। इस कार्यक्रम में संघ प्रमुख शिरकत करेंगे। वह इस सिलसिल में 12 से 18 जुलाई तक सोमनाथ में प्रवास पर रहेंगे। इसी बैठक मे शामिल होने के लिए जब संघ प्रमुख, संघ के प्रचार प्रमुख और सह सरकार्यवाह मनमोहन वैद्य के साथ राजकोट एयरपोर्ट पर पहुंचे तो पत्रकारों के सवाल पर उन्होने कहा दिया कि अगर बोला तो मेरी नौकरी चली जाएगी, बोलने का काम किसी और को दिया गया है। मुझे अपनी नौकरी कर लेने दो।
चुनावी रणनीति पर चर्चा संभव
तीन दिनों तक चलने वाली इस बैठक मे संघ के सर कार्यवाह भय्याजी जोशी के अलावा सभी सह सर कार्यवाह, कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्र प्रचारक, प्रांत प्रचारक और सह प्रांत प्रचारक भाग लेंगे। बता जा रहा है कि इस बैठक मे आगामी लोकसभा व मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव के साथ-साथ देश के सामाजिक, सांस्कृतिक व अध्यात्मिक विकास के मुद्दों पर मंथन होगा। इसके मद्देनजर नई रणनीति तय करने का काम किया जाएगा।
शाह से भी मिलेंगे संघ प्रमुख
संघ प्रमुख मोहन भागवत सोमनाथ पहुंचने के बाद मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे गिर सोमनाथ जिले के स्थानीय कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों से मिलेंगे। शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी गुजरात आ रहे हैं। शाह सोमनाथ में भागवत से मिलेंगे और आगामी रणनीतियों पर मंत्रणा करेंगे।
Updated on:
12 Jul 2018 09:06 am
Published on:
12 Jul 2018 07:57 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
