नई दिल्ली. अब सीबीआई कार्ति चिदंबरम को शाम के चार बजे कोर्ट में पेश करेगी। दूसरी तरफ कार्ति की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने अब सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पी चिदंबरम और उनके परिवार के साथ बदले की भावना से सीबीआई ने कार्रवाई की है। इस बात से कांग्रेस डरने वाली नहीं है। आपको बता दें कि इससे पहले 26 फरवरी को दिल्ली की एक अदालत ने कार्ति चिदंबरम के सीए एस भास्कररमन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। भास्कररमन को आइएनएक्स मीडिया से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले उन्हें ईडी की हिरासत से अदालत में पेश किया गया था।
आईएनएक्स मीडिया को 300 करोड़ फायदा पहुंचाने का आरोप
उन पर अपने प्रभाव का गलत इस्तेमाल कर आईएनएक्स मीडिया को 300 करोड़ का फायदा पहुंचाने के बदले करोड़ों रुपए रिश्वत लेने का आरोप है। जिस वक्त कार्ति चिदंबरम ने इस कंपनी को फायदा पहुंचाया था उस वक्त उनके पिता पी चिदंबरम ही देश के वित्त मंत्री थे। आईएनएक्स मीडिया में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सीबीआई ने 18 मई, 2017 को सीबीआई ने कार्ति के दिल्ली, चेन्नई, मुंबई और गुड़गांव स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। आईएनएक्स मीडिया के मालिक पीटर मुखर्जी और इंद्राणी मुखर्जी इन दिनों अपनी बेटी शीना वोरा की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं। सीबीआई छापे के दो दिन बाद वो लंदन रवाना हो गए थे। कार्ति चिदंबरम ने अपने एक दोस्त के साथ लंदन की फ्लाइट पकड़ी थी। उस समय कार्ति के लंदन जाने का बचाव करते हुए उनके पिता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिंदबरम ने कहा था कि उनका लंदन जाने का कार्यक्रम पहले से ही तय था। कार्ति चिदंबरम ने आरोपों को बेबुनियाद बताया था। कार्ति ने कहा था कि मुझे राजनीतिक और व्यक्तिगत तौर पर निशाना बनाया जा रहा है।
मनी लॉंड्रिंग के मामले में ईडी को भी कार्ति की तलाश
सीबीआई के छापेमारी के अगले दिन यानि 19 मई, 2017 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्ति चिदंबरम और अन्य के खिलाफ सीबीआई की प्राथमिकी के आधार पर धनशोधन (मनी लॉड्रिंग) का एक मामला दर्ज किया था। ईडी के अधिकारियों ने कार्ति, आईएनएक्स मीडिया और इसके निदेशकों पीटर एवं इंद्राणी मुखर्जी समेत सीबीआई की शिकायत में नामजद आरोपियों के खिलाफ ईसीआईआर दर्ज की थी। ईडी ने धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत ईसीआईआर दर्ज की थी।