विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के छत्तीसगढ़ दौरे पर सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा, आज तो कांग्रेस और प्रदेश सरकार खुद ही अपने प्रति भरोसे के भयावह संकट के दौर से गुजर रही है। कांग्रेस की प्रदेश सरकार के घपलों-घोटालों और भ्रष्टाचार ने कांग्रेसमुक्त छत्तीसगढ़ की प्रस्तावना लिख दी है और समूचा प्रदेश समवेत स्वर में कह रहा है-भूपेश है तो भरोसा है, छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में भ्रष्टाचार परोसा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के जांजगीर दौरे से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं का ही प्रदेश सरकार और कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व पर अब भरोसा नहीं रह गया है।