शिक्षक भर्ती घोटाले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में 10 साल की सजा काट रहे चौटाला दो सप्ताह की पैरोल पर बाहर निकले हैं। पिता देवीलाल की 105वीं जयंती पर हरियाणा के गोहाना में आयोजित रैली में चौटाला ने कहा, प्रधानमंत्री पद के लिए मायावती सबसे मजबूत नाम हैं। उन्हें इस पद पर देखने के लिए हमारी पार्टी पूरे प्रयास कर रही है। चौटाला ने कहा, समय की मांग है कि प्रधानमंत्री पद पर गरीब और दलित की बेटी पहुंचे। मैं तीसरे मोर्चे के गठन की कोशिश करूंगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि अगले चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। चौटाला ने कहा कि बसपा से हमारा गठबंधन मजबूत है और हम मायावती को प्रधानमंत्री पद तक पहुंचाएंगे। इस मौके पर बसपा के हरियाण प्रभारी मेघराज सिंह ने मयावती का संदेश रैली में पढ़ा।