देश की जनता के अच्छे दिन आए या नहीं लेकिन राजधानी दिल्ली के विधायकों के अच्छे दिन जल्दी आने वाले हैं। दरअसल महंगाई के इस दौर में दिल्ली विधायकों की सैलरी में खासा इजाफा होने जा रहा है। जल्द ही इन विधायकों को करीब दोगुना वेतन मिलना शुरू हो जाएगा। दिल्ली विधानसभा का दो दिवसीय सत्र चार जुलाई से शुरू होगा। इस सत्र में विधायकों के वेतन से संबंधित विधेयक को विधानसभा से स्वीकृति मिलने की पूरी संभावना है। मंजूरी मिलते ही इन विधायकों की सैलरी 90,000 रुपए हो जाएगी। बता दें कि दिल्ली विधानसभा से वर्ष 2015 में इस विधेयक को पास किया गया था। लेकिन केंद्रीय गृहमंत्रालय में कहीं ना कहीं ये मामला अटका हुआ था।