
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान फेसबुक ने की हेट स्पीच पर सख्ती
नई दिल्ली। शनिवार को एक ओर चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। तो दूसरी ओर सोशल मीडिया के दिग्गज प्लेटफॉर्म फेसबुक ने हेट स्पीच के खिलाफ सख्ती बरतने की कार्रवाई करने के साथ 'स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव' के लिए लोगों-नेताओं को प्रोत्साहित करने की बात कही।
फेसबुक ने शनिवार को जानकारी दी कि कंपनी यूजर्स और नेताओं को अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से संवाद के लिए प्रोत्साहित करेगा ताकि 'स्वतंत्र और निष्पक्ष' चुनाव हों। इसके साथ ही नफरत फैलाने वाले भाषण को फैलने से रोकने के लिए फेसबुक में स्पेशल टास्क फोर्स का भी गठन और तैनाती की जा रही है।
एक संवाददाता सम्मेलन में फेसबुक के पब्लिक पॉलिसी ईएमईए के उपाध्यक्ष रिचर्ड एलन ने कहा, "हम चाहते हैं कि हमारे प्लेटफॉर्म का प्रयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के साथ सकारात्मक संवाद के लिए हो। हम नेताओं से संवाद करने वाले यूजर्स का स्वागत करते हैं, लेकिन हम नहीं चाहते कि लोग इस प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करें।"
यहां यह जानना दिलचस्प है कि फेसबुक पर पहले ऐसे कई आरोप लगाए जा चुके हैं जिनमें चुनाव के दौरान इस प्लेटफॉर्म से लोगों के विचारों को प्रभावित करने, हेट स्पीच को फैलाने समेत कई अन्य मुद्दे शामिल हैं। इनके लिए कंपनी की कड़ी आलोचना भी हुई। अब फेसबुक ने नफरत भरी बातों (हेट स्पीच) को फैलने से रोकने की एक नई पॉलिसी पर काम करना चालू कर दिया है। इन नई पॉलिसी के अंतर्गत फेसबुक नफरत, हिंसा व ऐसी ही अन्य सामग्रियों को प्लेटफॉर्म से हटा देगी।
कंपनी के मुताबिक अलग-अलग देशों में इस मंच का दुरुपयोग अलग-अलग ढंग से होता है, हालांकि कंपनी का सिद्धांत एक ही है। लेकिन अब कंपनी इस गंभीर मुद्दे से निपटने और पुख्ता समाधान के लिए इस नीति-सिद्धांत को ज्यादा कारगर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
भारत में होने वाले चुनावों का हवाला देते हुए एलन ने कहा, "जब हमें आने वाले चुनावों के बारे में विचार आता है तो निश्चित रूप से ही भारत काफी अहम हो जाता है क्योंकि यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इसे रोकने के लिए हमारे पास टास्क फोर्स है, जिसमें सुरक्षा और सामग्री से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं। हम यह जानने-समझने की कोशिश कर रहे हैं कि ब्रिटेन या भारत या फिर किसी अन्य मुल्क में किस प्रकार इसका दुरुपयोग होता है।"
Updated on:
07 Oct 2018 02:36 pm
Published on:
07 Oct 2018 01:46 pm
