
कर्नाटक में मिले यूपी के दिग्गज, मायावती-अखिलेश में हुई 45 मिनट चर्चा
नई दिल्ली। एचडी कुमारस्वामी ने कर्नाटक से मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। इस कार्यक्रम के बहाने कांग्रेस ने 2019 लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष के एकजुटता की तस्वीर पेश करने की कोशिश की है। आम चुनाव से पहले एक मंच पर जुटे विपक्ष की पार्टियां और नेता आपसी तालमेल बनाते देखे गए। जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती की रही।
मंच के पीछे 45 मिनट बातचीत
लखनऊ गेस्ट हाउस कांड के बाद मायावती और अखिलेश के बीच दूसरी बार इस तरह की दोस्ती देखने को मिली है। इससे पहले गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी को हराने के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। कर्नाटक में कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण के बने मंच पर यूपी की राजनीति के दिग्गज नेता अगल-बगल बैठे दिखे। दोनों के बीच काफी देरतक गुफ्तगू भी हुई। सूत्र बताते हैं कि मंच से इतर अखिलेश और मायवती के बीच करीब 45 मिनट तक अकेले में बातचीत भी हुई है। दोनों नेताओं की ये नजदीकी यूपी की राजनीति में अहम किरादर निभाती है।
कर्नाटक के 25वें सीएम बने एच.डी. कुमारस्वामी
जनता दल (सेकुलर) के नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने बुधवार को कर्नाटक के 25वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। जेडीएस और कांग्रेस ने यहां गठबंधन सरकार का गठन किया है। राज्यपाल वजुभाई वाला ने दोपहर साढ़े चार बजे देशभर के विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय नेताओं की उपस्थिति में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कांग्रेस के जी.एस. परमेश्वरा ने उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
शपथ के बहाने शक्ति का हुआ प्रदर्शन
एच.डी. कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, बसपा प्रमुख मायावती , समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव, माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी, केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी , आंध्रप्रदेश के नेता चंद्रबाबू नायडू, रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह,राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार , राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने भी शिरकत की।
Published on:
23 May 2018 06:39 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
