नई दिल्ली। डीएमके चीफ एम करुणानिधि के निधन के साथ तमिलनाडु की राजनीति का एक युग समाप्त हो गया। उनके निधन की खबर पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। समर्थकों की आंखों से आंसू बनकर छलकती करुणानिधि की याद उनके सियासी वजूद की कहानी बयां करती है। लेकिन देश की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ने वाले करुणानिधि से जुड़ी एक कहानी के बारे में शायद ही कुछ लोगों ने पढ़ा या सुना होगा। दरअसल, करुणानिधि के सियासी सफर का रास्ता फिल्मों से होकर गया था। अपनी सियासी विचारधारा जन समुदाय तक पहुंचाने के लिए करुणानिधि ने फिल्मों को अपना माध्यम बनाया। करुणानिधि की फिल्मी कहानियों ने लोगों के दिलो-दिमाग पर गहरी छाप छोड़ी। लोगों में उनकी फिल्मों की कहानियों को लेकर दीवानगी इस हद तक थी कि इनके नायक भी सुपरस्टार बन गए।