नई दिल्ली। भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के एक बयान से भारत की सियासत में एक बार फिर जबर्दस्त तहलका मच गया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई बड़े खुलासे किए। उन्होंने वित्त मंत्री अरुण जेटली के करीब ढाई साल तक चुप रहने पर भी सवाल उठाए। साथ ही माल्या को लोन देने वाले भारतीय स्टेट बैंक और जांच में जुटी सीबीआई पर भी ढिलाई बरतने के आरोप लगाए। उन्होंने पूछा कि सरकार में कौन है जो बैंकों और एजेंसियों पर कार्रवाई ना करने के लिए दबाव बना रहा था? उल्लेखनीय है कि माल्या का बयान सामने आने के बाद से ही जेटली बैकफुट पर आ गए थे, हालांकि बाद में उन्होंने अपनी बात रखी जिसके बाद माल्या ने भी सफाई दी थी।