दरअसल, संसद में मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में शनिवार के लिए कार्यवाही की संशोधित सूची में अमित शाह के नाम का जिक्र किया गया है। जिससे उनके लोकसभा की कार्यवाही में शामिल होने की संभावना प्रबल हो गई है। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी बिल, 2020 को पारित करने के लिए निचले सदन में शामिल होंगे। लोकसभा में शनिवार को दोपहर 3 बजे बैठक शुरू होगी। अमित शाह का नाम उस विधायी कार्यक्रम सूची में लिखा हुआ है, जो विधेयक को पारित कराने के लिए है। यह विधेयक अध्ययन और अनुसंधान को सुविधाजनक बनाने और विज्ञान के अध्ययन, कानून के साथ फोरेंसिक विज्ञान, अपराध विज्ञान और अन्य संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में नेशनल फोरेंसिक विज्ञान यूनिवर्सिटी की स्थापना और उसकी घोषणा करता है।