
नई दिल्ली: एक साल पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अक्टूबर 2016 को नोटबंदी का ऐलान किया था। तब भी नोटबंदी को लेकर विपक्ष हमलावर थी और आज एक साल पूरा होने के बाद भी विपक्ष ने सरकार को घेरा है। कांग्रेस पार्टी नोटबंदी के एक साल पूरे होने पर पूरे देश में काला दिवस मना रही है और इसका विरोध कर रही है। वहीं मोदी सरकार नोटबंदी के फायदे गिना रही है। इस बीच जब सीबीआई ने बुधवार को ही गुरुग्राम के रेयान इंटरनेशनल स्कूल के प्रद्युम्न मर्डर केस पर बड़ा खुलासा किया है। तब कांग्रेस ने इसे स्क्रिप्टेड बता दिया। कांग्रेस ने प्रद्युम्न मर्डर केस को लेकर सीबीआई और सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि यह सरकार द्वारा एक प्लांट स्टोरी है।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने बुधवार को कहा कि भाजपा की सरकार ने एक बच्चे की हत्या मामले पर सीबीआई का इस्तेमाल किया है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार एक बच्चे की हत्या की स्टोरी नोटबंदी के एक साल पूरा होने पर प्लांट कर सकती है। तो, यह सरकार कुछ भी कर सकती है। यह भाजपा की सरकार केवल प्रपंच की राजनीति करना जानती है। यहां गौर करने वाली बात ये है कि प्रद्युम्न हत्याकांड में सीबीआई के इस खुलासे ने पूरी कहानी बदल दी है।
क्या किया सीबीआई ने, जो आया ऐसा बयान
बुधवार को सीबीआई ने इस केस में रेयान स्कूल के ही 11वीं कक्षा के एक छात्र को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि सीबीआई को इस छात्र के मर्डर केस में शामिल होने का शक है। ये छात्र उसी स्कूल में पढ़ता है, जिसमें प्रद्युम्न की हत्या की गई थी। सीबीआई ने अपने एक बयान में कहा है कि आरोपी ने PTM यानि की पैरेंट्स टीचर्स मीटिंग को टालने के लिए ये हत्या की थी। सीबीआई ने कहा है कि आरोपी को बुधवार को ही कोर्ट में भी पेश किया जाएगा।
गला रेतकर हुई थी प्रद्युमन की हत्या
आपको बता दें कि बीते 8 सितंबर की सुबह गुरूग्राम के रेयान स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र प्रद्युम्न की हत्या कर दी गई थी। प्रद्युम्न का शव स्कूल के बाथरूम के पास मिला था। हत्यारे ने बड़ी बेरहमी से 7 साल के उस मासूम की गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में स्कूल बस के कंडक्टर अशोक को गिरफ्तार किया था। अशोक ने पुलिस के सामने खुद ही अपना गुनाह कबूल किया था।
पिंटो परिवार पर भी लटकी है गिरफ्तारी की तलवार
वहीं दूसरी तरफ घटना के बाद रेयान स्कूल के मालिक पिंटो परिवार की भी मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। अभी तक पिंटो परिवार पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। फिलहाल पिंटो परिवार को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा कोर्ट को इस मामले में 10 दिनों के अंदर फैसला लेने का निर्देश दिया है।
विरोध के बाद सीबीआई को सौंपी गई थी जांच
वहीं प्रद्युम्न हत्याकांड के बाद जांच को लेकर माता-पिता संतुष्ट नहीं थी। तब इलाके के कई लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद स्कूल को काफी दिनों तक बंद रखा गया था। वहीं सरकार लोगों के आक्रोश और दवाब को बढ़ता देख, इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी।
नोटबंदी पर सरकार-विपक्ष में आर-पार
वहीं नोटबंदी के एक साल पूरे होने पर जहां एक तरफ केंद्र सरकार नोटबंदी के फायदे गिना रहा है। साथ ही सरकार द्वारा एंटी ब्लैक मनी डे मनाई जा रही है। वहीं कांग्रेस पार्टी नोटबंदी को लेकर पूरे देश में काला दिवस मना रही है और इसका विरोध कर रही है। इस बीच पीएम मोदी ने बुधवार सुबह ट्वीट कर नोटबंदी से हुई फायदों को गिनाया। जबकि राहुल गांधी सरकार पर हमला करते हुए शायराना अंदाज में लिखा कि एक आंसू भी हुकूमत के लिए खतरा है, तुमने देखा नहीं आंखों का समुंदर होना।
Updated on:
8 Nov 2017, 5:37 PM IST
Published on:
8 Nov 2017, 4:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.