
नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अभी सिर्फ अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है, लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। इसकी एक बानगी देखने को मिली दिल्ली स्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय के बाहर। यहां कई बैनर पोस्टर लगाकर राहुल गांधी को अध्यक्ष पद के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं। लेकिन इनमें कुछ पोस्टर चर्चा का विषय बना गए हैं।
पोस्टर में पंडित बने राहुल गांधी
यहां लगे एक पोस्टर में राहुल गांधी को 'पंडित राहुल गांधी' बताया गया है। इसके अलावा अध्यक्ष बनने से पहले से ही अध्यक्ष बताते हुए बधाई दी है। इस पोस्टर में सभी धर्म की तस्वीर भी लगाई गई है। जिससे निकलता हुआ तेज राहुल गांधी की ओर आ रहा है। पोस्टर में लिखा गया है कि पंडित राहुल गांधी जी को सभी धर्मों से आशीर्वाद मिला।
सभी धर्मों से मिला आशीर्वाद
पोस्टर में राहुल गांधी के साथ वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा की फोटो भी लगाई गई है। पोस्टर के आखिरी में कांग्रेस का लोगो और पोस्टर लगाने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की तस्वीर और नाम छपा हुआ है।
2019 में पीएम प्रोजेक्ट
वहीं एक दूसरे पोस्टर में राहुल गांधी की दो तस्वीरें लगाई गई हैं। एक तस्वीर के नीचे लिखा है ' साल 2017 अध्यक्ष-भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस' जबकि दूसरी तस्वीर के नीचे लिखा है कि 'साल 2019- भारत के प्रधानमंत्री'। यह पोस्टर हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से लगाया गया है।
सोमवार को दाखिल किया नामांकन
बता दें कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकतार्ओं के उत्साह और जोश के बीच सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष के पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। राहुल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं कमलनाथ, मोतीलाल वोरा, शीला दीक्षित, अहमद पटेल और अशोक गहलोत की मौजूदगी में नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने इस मौके पर उपस्थित नेताओं के साथ बातचीत कीं और उनकी शुभकामनाएं स्वीकार की।
सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं सोनिया
राहुल का चुनाव मात्र औपचारिकता है क्योंकि पार्टी के शीर्ष पद के लिए कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं है और उनके पक्ष में 90 से अधिक नामांकन दाखिल किए जाने की संभावना है। राहुल 1998 में पार्टी की अध्यक्ष बनीं अपनी मां सोनिया गांधी का स्थान लेंगे जिन्होंने सबसे लंबे समय तक कांग्रेस प्रमुख का पद संभाला है। कांग्रेस के सैकड़ों समर्थक पार्टी के शीर्ष पद के नामांकन दाखिल होने से पहले पार्टी कार्यालय में एकत्र हुए। राहुल गांधी जनवरी 2013 में कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने थे।
Updated on:
06 Dec 2017 02:44 pm
Published on:
05 Dec 2017 03:11 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
