
तेलंगाना: ममता, नीतीश और कुमारस्वामी ने दी केसीआर को बधाई
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, बिहार व कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों ने मंगलवार को तेलंगाना विधानसभा चुनाव में टीआरएस की भारी जीत पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव को बधाई दी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी ने टेलीफोन पर तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष को अपनी बधाई दी। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष व आंध्र प्रदेश में विपक्ष के नेता वाई.एस.जगनमोहन रेड्डी व शारदा पीठम के प्रमुख स्वरूपानंदेन्द्र सरस्वती ने भी चंद्रशेखर राव को बधाई दी।
कांग्रेस पार्टी सत्ता में वापस आने के लिए तैयार
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी सत्ता में वापस आने के लिए तैयार है। राजस्थान में भी कांग्रेस सत्तारूढ़ भाजपा से आगे है जबकि मध्य प्रदेश में दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर है। लेकिन तेलंगाना और मिजोरम में कांग्रेस पिछड़ गई है। चुनाव बाद एग्जिट पोल के नतीजे छत्तीसगढ़ में सही होते दिख रहे हैं। छत्तीसगढ़ में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-बसपा के गठबंधन के बिना कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है।
छत्तीसगढ़ की 90 में से 60 सीटों पर आगे
कांग्रेस के उम्मीदवार छत्तीसगढ़ की 90 में से 60 सीटों पर आगे हैं जबकि भाजपा 23 सीटों पर आगे है। बसपा-जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ गठबंधन को पांच सीटें मिली हैं। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, कांग्रेस 199 में से 101 सीटों पर आगे है जबकि भाजपा 71 सीटों पर आगे है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि उनकी पार्टी निर्दलियों की मदद से सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त है। जयपुर में कांग्रेस कार्यालय, गहलोत और राज्य की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष सचिन पायलट के आवास के बाहर जश्न का माहौल है।
Updated on:
11 Dec 2018, 3:40 PM IST
Published on:
11 Dec 2018, 3:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.