
नवाज शरीफ के जेल पहुंचने पर कांग्रेस-भाजपा पर छिड़ा ट्विटर वार, एक दूसरे पर कसा तंज
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भ्रष्टाचार के मामले में जेल चले गए हैं। उनके साथ उनकी बेटी मरियम नवाज भी हैं। नवाज शरीफ जेल में हैं लेकिन सियासी घमासान भारत में देखने को मिला। देश की दो सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस नवाज शरीफ के जेल जाने की खबर को लेकर एक दूसरे तंज कसती नजर आई। दोनों के बीच ट्विवटर वार देखने को मिला। कांग्रेस ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के जेल जाने पर ट्वीट कर मजे लेने की को कोशिश की। कांग्रेस ने जहां मोदी से उनके 'प्रिय दोस्त' के जेल में जाने पर प्रतिक्रिया की मांग की तो भाजपा ने भी करारा प्रहार करते हुए कहा कि जमानत पर बाहर सभी कांग्रेसी नेता जल्द ही जेल में होंगे।
वार और पलटवार
कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, "नवाज शरीफ को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हम यह जानना चाहेंगे कि उनके प्रिय मित्र प्रधानमंत्री मोदी इस बारे में क्या कहना चाहते हैं।" भाजपा ने इसके जवाब में जमानत पर बाहर कांग्रेस के कई नेताओं पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। भाजपा ने ट्वीट कर कहा, "इस देश के लोग हमारे प्रधानमंत्री को कह रहे हैं : जमानत पर भारत में घूम रहे नेताओं को एक दिन जेल जाना होगा।"
भाजपा ने जमानत की बात क्यों कही?
बता दें कि हाल ही में कांग्रेस के सांसद शशि थरूर को सुनंदा पुष्कर आत्महत्या मामले में जमानत दी गई है। वहीं पीएम मोदी ने भी हाल ही राजस्थान में चुनावी बिगुल फूंकते हुए एक रैली को संबोधित किया था। एक रैली में कहा था, "कुछ लोग कांग्रेस को 'बेल गाड़ी' कहते हैं न कि 'बैलगाड़ी', क्योंकि इसके कुछ शीर्ष नेता और पूर्व मंत्री बेल पर जेल से बाहर हैं।" बता दें कि कांग्रेस ने भी पीए मोदी पर 25 दिसंबर 2015 को शरीफ से निजी तौर पर पाकिस्तान जाकर मुलाकात करने और उनकी पोती की शादी में शामिल होने पर लगातार निशाना साधा है। नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम को पाकिस्तान की जवाबदेही अदालत ने भ्रष्टाचार के मामले में क्रमश: 10 और सात साल की सजा सुनाई थी। शुक्रवार को स्वदेश लौटने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
Updated on:
14 Jul 2018 09:24 pm
Published on:
14 Jul 2018 09:22 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
