शाह ने क्या कहा?
अमित शाह ने जिस बैठक में पार्टी नेताओं को इस बात की नसीहत दी उसमें दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल, भाजपा महासचिव अरुण सिंह, मंत्री डॉ. हर्षवर्धन के अलावा कई और नेता शामिल थे। बैठक में उन्होंने 2019 चुनाव के रणनीतियों पर चर्चा की। इसी क्रम में उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि दिल्ली में दलित समुदाय को पार्टी से जोड़ने के लिए दलित संपर्क अभियान चलाया जाए। पार्टी नेता दलितों के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरीके से संपर्क करें। उन्हें मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी दें। इस काम में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब का भरपुर इस्तेमाल करें। शाह ने भाजपा को निर्देश दिया है कि दिल्ली में दलित संपर्क अभियान चलाया जाए। इस मुहिम के तहत दलित, ओबीसी और झुग्गी झोपड़ी के लोगों पर फोकस करने को कहा है। दिल्ली की बड़ी कॉलोनियों को चिन्हित कर पार्टी के पदाधिकारियों से उन क्षेत्रों में ज्यादा काम करने को कहा। जिन कॉलोनियों में विगत चुनाव में दलितों ने पार्टी को कम संख्या में वोट किया वहां के लोगों से प्रत्यक्ष संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। पार्टी की मुस्लिम मोर्चा से मुस्लिमों को मोदी सरकार की योजना के जरिए लोगों से जुड़ने को कहा है। ताकि बड़ी संख्या में मुस्लिम भी भाजपा से जुड़ें और पार्टी के पक्ष में वोट करें।