
प्रतापगढ़। मानसून की विदाई के दौरान बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात से प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग केंद्र जयपुर ने आगामी 3 घंटों के भीतर श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, टोंक, सीकर, चूरू में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बांसवाड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आज अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डुंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनू, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक और उदयपुर में मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं दूसरी तरफ प्रतापगढ़ जिले में बारिश का दौर दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। इस दौरान कहीं फुहारें गिरी तो कहीं तेज बारिश हुई। वहीं फसलों के पकने के समय हो रही बारिश से किसानों में चिंता है। कटी फसलों में नुकसान हो रहा है। जिले में जहां शुक्रवार रात को भी कई जगह बारिश हुई। इसके साथ ही शनिवार सुबह से जिले में मौसम बदला हुआ रहा। आसमान में काले बादल छाए रहे। जबकि दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए। इसके साथ ही शाम को शहर जिले के छोटीसादड़ी, धोलापानी, थड़ा, रठांजना, अरनोद, पीपलखूंट आदि इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक जिला मुख्यालय पर 34 एमएम, छोटीसादड़ी में सात और पीपलखूंट में 20 एमएम बारिश दर्ज की गई।
अरनोद क्षेत्र में बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। दिनभर उमस के बाद शाम को तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश से सडक़ों पर पानी बह निकला। इस बारिश से खेतों में सूख चुकी फसलों में नुकसान की आशंका जताई गई है। धोलापानी में गत दिनों से क्षेत्र में बारिश हो रही है। इससे मौसम भी सुहावना हो रहा है। गांव समेत आसपास के इलाकों में शनिवार को भी बारिश हुई। दिनभर काले बादल छाए रहे। वहीं शाम को बारिश हुई। इससे खेतों में पानी भर गया। छोटीसादड़ी में दो दिनों से हो रही बारिश से फसलों में नुकसान की संभावना बढ़ती जा रही है। शनिवार सुबह से काले बादलों का डेरा रहा। शाम को तेज हवा के साथ बारिश हुई। क्षेत्र के गांवों में एक घंटे तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। जिससे फसलों में नुकसान को लेकर किसानों में चिंता है।
Published on:
24 Sep 2023, 12:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.