
गली में बने ब्रेकर से परेशान युवकों ने किराना दुकान संचालक को जमकर पीटा, अपराध दर्ज
रायगढ़. कोतरारोड थाना क्षेत्र स्थित एक गली में बने ब्रेकर से परेशान युवकों ने किराना दुकान संचालक की जमकर पिटाई कर दी। वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी व बच्चे को भी पीट दिया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी किशोर कुमार गुप्ता पिता स्व देवीप्रसाद गुप्ता ग्राम भगवानपुर पश्चिम नीरज कैरियर के पीछे गल्ला किराना का दुकान चलाता है। 10 नवंबर की शाम 04 बजे किशोर अपने किराना दुकान मे बैठा था। उसी समय निशाल भगत, विशाल भगत व मुकेश साहू बाइक से इसके किराना दुकान के पास आए और गली में बड़ा-बड़ा ब्रेकर बनाये हो कहकर किशोर को गाली-गलौज करने लगे।
जब किशोर ने गाली देने से मना किया तो आरोपी भड़क गए और जबरन दुकान के अंदर घुस कर हाथ-मुक्का व डंडा से किशोर को पीटने लगे। वहीं दुकान में रखे सामान को भी फेंकने लगे। इसके बाद आरोपियों ने ईंट के टुकड़े से भी फेंक कर किशोर के सीने पर मारा। घटना के समय हो-हल्ला सुनकर किशोर की पत्नी निर्मला गुप्ता एवं उसके बेटे जशवंत कुमार गुप्ता एवं छोटा बेटा जगमोहन देशाई मौके पर पहुंच कर बीच-बचाव करने लगे। ऐसे में निशाल भगत ने निर्मला गुप्ता को थप्पड़ से मारपीट किया एवं किशोर के बेटे जगमोहन देशाई को भी हाथ मे रखे डंडे से मारपीट किए। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 294, 506, 323, 452, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
Updated on:
11 Nov 2018 07:54 pm
Published on:
11 Nov 2018 07:54 pm
