
ढाबे में बैठ कर रात का भोजन ले रहा था गैंगरेप का आरोपी, पुलिस ने दबोचा
रायगढ़. लैलूंगा थाना क्षेत्र स्थित राजपुर गांव शदर पूर्णिमा मेला देखने गई नाबालिग से गैंगरेप मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को पकड़ा है, जोकि पकड़े जाने के डर से भाग कर जशपुर जिले के लुडेग में छिपा था। जबकि इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया है। वहीं दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिन्हें पुलिस जल्द पकडऩे का दावा कर रही है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले के फरार तीनों आरोपी की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही थी। वहीं आरोपियों को पकडऩे के लिए मुखबिर का जाल भी बिछाया गया था, तभी 28 अक्टूबर की रात्रि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गिरधारी पैंकरा निवासी सलखिया फरार होने के बाद पुलिस से बचने के लिए जशपुर जिले के लुड़ेग स्थित एक गांव में छिपा हुआ है। इसके बाद रात में ही पुलिस की टीम आरोपी को पकडऩे के लिए रवाना हुई। रात्रि करीब 11 बजे आरोपी एक ढाबा में खाना खाने गया, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे लैलूंगा थाने लाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड में जेल भेज दिया है। वहीं दो फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
क्या था मामला
24 अक्टूबर की रात एक 16 वर्षीय नाबालिग अपनी दीदी व एक रिश्तेदार युवक के साथ राजपुर स्थित शरद पूर्णिमा मेला देखने गई थी। रात में वह अपने साथ गए रिश्तेदार युवक के साथ घूम रही थी। तभी वहां कार सवार सात युवक आए और खुद को आयोजन समिति का सदस्य बताकर पहले तो उनके इस तरह अकेले घूमने पर आपत्ति जताई। फिर मौके पर ही युवती के कथित रिश्तेदार की जमकर पिटाई की कर दी और उन्हें कार में बैठाकर आयोजन स्थल ले जाने के नाम पर राजपुर से पांच किमी दूर सलखिया गांव के पास सुनसान जगह में ले गए। वहां सातों आरोपियों ने नाबालिग के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया था। जिसमें राजपुर निवासी राजेश निषाद (25), र्ढोरोबीजा निवासी ललित सिदार (24), रूढुकेला निवासी खीर मोहन (25) व र्ढोरोबीजा निवासी सुनील गुप्ता शामिल है। वहीं 29 अक्टूबर को पुलिस ने एक अन्य आरोपी गिरधारी पैंकरा को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले का नहीं मिला सुराग
लैलूंगा थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती 16 अक्टूबर की दोपहर 12.45 बजे घर से चावल लेकर उसे पीसाने के लिए साइकिल में निकली थी। पाकरगांव में चावल पीसाने के बाद वह आटा लेकर अपने घर लौट रही थी, तभी एक अंजान लड़का बाइक में उसके आगे-पीछे मंडराने लगा और उसका नाम-पता पूछने लगा। कुछ दूर जाने के बाद बंजारी मंदिर से पहले महुआ पेड़ के पास लड़का अपनी बाइक को खड़ी कर युवती का इंतजार करने लगा। जब युवती वहां पहुंची तो आरोपी ने उसकी साइकिल का हैंडिल पकड़ कर उसका रास्ता रुकवाया और उसका हाथ पकड़ कर खींचने लगा। ऐसे में युवती ने उसके उंगली को काट दिया तो आरोपी गुस्सा गया। इसके बाद युवती को मारपीट कर उसे जमीन पर गिरा दिया और उसे घसीटते हुए सड़क के उस पार जंगल में ले गया फिर जबरदस्ती उसके साथ अनाचार किया। इस मामले में भी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 376, 506, 323, 341 के तहत अपराध दर्ज किया है, लेकिन आरोपी को पकडऩा तो दूर अभी तक उसकी पहचान भी नहीं हो सकी है।
Updated on:
29 Oct 2018 08:59 pm
Published on:
29 Oct 2018 08:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
