रायगढ़. जिंदल प्रबंधन पर श्रमिक विरोधी नीतियों का आरोप लगाकर वहां के श्रमिक आए दिन सड़कों पर उतरने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसा ही कुछ गुरुवार दोपहर जेएसपीएल के मुख्य गेट में हुआ। यहां श्रमिकों ने जिंदल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। श्रमिकों ने इंक्रीमेंट बढ़ाए जाने की मांग को लेकर कंपनी के मुख्य गेट के बाहर कई घंटों प्रदर्शन कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और उसके बाद छह सूत्रीय मांग का ज्ञापन सौंपते हुए प्रबंधन को उनकी मांगें एक सप्ताह के भीतर पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है। मांगे न मानी जाने पर श्रमिकों ने आगे फिर से उग्र प्रदर्शन करने की बात कही है।