
रायगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के एसडीओ के घरेलू सामान को विभागीय ट्रक में लोड करा रायगढ़ से धरमजयगढ़ भेजने की पहल में आखिरकार बीट गार्ड फंस गया है। बीटगार्ड को विभाग से इस कार्य को लेकर नोटिस थमाया गया है। जिसमें एक सप्ताह के अंदर जवाब देने की बात कही गई है। ऐसे में, बीट गार्ड अपने जवाब में धरमजयगढ़ एसडीओ के नाम का उल्लेख करता है या नहीं। इस बार पर सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है।
जी हुजूरी के चक्कर में बीट गार्ड आरके सारथी का गर्दन फंस गई है। रायगढ़ से ट्रांसफर हुए एसडीओ बीएस सरोटे के घरेलू सामान को विभागीय ट्रक से धरमजयगढ़ भेजने के मामले में आला अधिकारी ने बीट गार्ड को नोटिस थमाया है। जिसमें उनके द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को लेकर सवाल किया गया है। वहीं एक सप्ताह के अंदर उक्त नोटिस का जवाब देने की बात कही गई है।
अब इस मामले में बीट गार्ड का जवाब क्या होगा। इस बात को लेकर सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है। विभागीय अधिकारी व कर्मचारी की माने तो नोटिस पाने वाले बीट गार्ड काफी शांत, सरल व सहज स्वभाव का है। ऐसे में, वो अपने जवाब में एसडीओ बीएस सरोट व उनके सामान का उल्लेख करेगा या नहीं।
इसका जवाब एक सप्ताह बाद उसके नोटिस के जवाब से ही स्पष्ट हो पाएगा। पर इस पूरे मामले में विभाग द्वारा संबंधित अधिकारी को बचाने की कवायद बुधवार से ही शुरु हो गई थी। सब कुछ जानने व विभागीय ट्रक को उर्दना डीपो में वापस करने के बाद भी संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई पहल नहीं की गई है। पर प्रारंभिक दौर में बीट गार्ड को निशाना बनाते हुए उसे विभागीय नोटिस जरुर थमाया गया है। जिससे बीट गार्ड काफी परेशान है।
संघ से लगा सकता है गुहार
चर्चा इस बात की भी है कि विभागीय वाहन से घरेलू सामान की ढुलाई व विभाग से मिले नोटिस के बाद संबंधित बीट गार्ड, कर्मचारी संघ से गुहार लगा सकता है। चर्चा के दौरान बीटगार्ड सारथी ने भी इस बात के संकेत दिए हैं। घटना के बाद से ही परेशानी चल रहे बीट गार्ड सारथी अब विभागीय नोटिस का जवाब देने की पहल मेंं जुट गया है।
Published on:
26 Oct 2017, 5:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.