
Elections 2018 : काग्रेस में मचा पैराशूट का शोर, कौन हैं ये लोग जो अपनी बात पर राहुल गांधी तक लगा रहे जोर, पढि़ए खबर...
रायगढ़. चुनाव के नजदीक आने के साथ ही सभी राजनैतिक दलों में टिकट को लेकर दावेदारी और दौड़ दोनों का ही आलम है। ऐसे में जिला कांग्रेस में इन दिनों पैराशूट की चर्चा जोरों पर है। आलम यह है कि पैराशूट दावेदार की बात पर ही कार्यकर्ता भड़क जा रहे हैं। हालांकि इसमें भी दो फाड़ दिख रहा है एक धड़ा इसका विरोध शुरू कर चुका है और बकायदा राहुल गांधी को पत्र लिख चुका है।
जबकि दूसरा धड़ा इंतजार मोड़ में है कि अंत तक ऊंट किस करवट बैठेगा इसके बाद तय किया जाएगा। खास बात यह है कि पैराशूट की बात पर राहुल गांधी को तो पत्र लिख दिया गया है लेकिन ये पैराशूट कौन है इस बात की चर्चा इस पत्र में नहीं की गई है। पर बात तो निकल गई है और धीरे-धीरे चर्चा भी शुरू हो गई है। ऐसे में क्या होगा यह कहना फिलहाल मुश्किल है पर फिलवक्त नजारा दिलचस्प हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी को जो पत्र लिखा गया है उसमें कहा गया है कि रायगढ़ विधानसभा में मजबूत कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया जाए। ताकि हम सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ सकें और चुनाव जीत सकें। पर कुछ लोग चुनिंदा दिनों में आकर पैराशूट पकड़ के पार्टी में कूद गए हैं और अपने आप को बतौर प्रत्याशी के रूप में पेश कर रहे हैं। इसका हम खुले तौर पर विरोध करते हैं।
लिखा तो यह भी है
उस पत्र में यह भी लिखा गया है कि पिछले वर्षों हम कालेज चुनाव, नगपालिका, नगरपंचायत, जनपद चुनाव व पूर्व में हुए विधानसभा चुनाव में जो लोग पंजा छाप अर्थात कांग्रेस प्रत्याशी या पार्टी का विरोध किए हैं ऐसे लोगों को पार्टी का प्रत्याशी नहीं बनाया जाए।
नाम तो लिखा ही नहीं है
अब इस पत्र में खास बात यह है कि जिस पैराशूट के नाम पर हंगामा मचाया जा रहा है, दबी जुबां से सब कुछ कहने का प्रयास किया जा रहा है, आरोप लगाया जा रहा है उस पैरशूट के नाम का उल्लेख ही नहीं किया गया है। सवाल उठाने पर संबंधित कार्यकर्ता यह कह रहे हैं कि पार्टी में सब लोग जानते हैं कि पैराशूट कौन है।
नई शुरू हुई परंपरा
जिला कांग्रेस में इस प्रकार की परंपरा की शुरुआत कांग्रेस की जिला बॉडी के गठन के दौरान से मानी जा रही है। जब प्रदेश से आए पदाधिकारियों को यहां के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट रूप से कह दिया था कि जिला बॉडी का पदाधिकारी उसे ही बनाया जाए तो इस क्षेत्र से हो, खासकर शहर बॉडी का गठन शहरी कार्यकर्ता के अनुसार किया जाए किसी बाहरी को शहर का पद नहीं दिया जाए। ये निशाना तात्कालीन जिला अध्यक्ष पर था। इसके बाद अब विधानसभा चुनाव के लिए पैराशूट का शोर उठा दिया गया है।
Published on:
31 Jul 2018 04:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
