
भारत-ऑस्ट्रेलिया T-20 मैच में होंगे 700 जवान
रायपुर। IND vs Aus Match in Raipur: नवा रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह स्टेडियम में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले क्रिकेट मैच की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें 700 से अधिक पुलिस जवानों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
इनमें से अधिकांश पुलिस जवान पिछले मैचों में ड्यूटी कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि दोनों टीम के बीच 1 दिसंबर को मैच होगा। इस दौरान स्टेडियम में भारी भीड़ होगी। खिलाड़ियों की सुरक्षा, ट्रैफिक के अलावा कानून व्यवस्था के हिसाब से पुलिस की तगड़ी व्यवस्था होगी।
ट्रैफिक की होती है समस्या
क्रिकेट मैच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ी समस्या होती है। मैच देखने शहर के अलावा आसपास के नगरों और राज्यों के क्रिकेट प्रेमी भी पहुंचते हैं। इस कारण वाहनों की संख्या अधिक हो जाती है। इसके अलावा पॉकेटमार, चेन स्नेचिंग करने वाले भी सक्रिय रहते हैं। ऐसे लोगों के लिए पुलिस की टीम सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी।
होटल से लेकर स्टेडियम तक कड़ी सुरक्षा
दोनों देशों के खिलाड़ियों को नवा रायपुर के किसी होटल में ठहराया जा सकता है। होटल से लेकर क्रिकेट स्टेडियम तक सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था होगी। इसके अलावा क्रिकेट स्टेडियम के आसपास भी बल तैनात किया जाएगा। एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने सोमवार को इस संबंध में पुलिस अफसरों की बैठक ली। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। कुछ अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
Published on:
21 Nov 2023, 11:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.