
14 दिन बाद अफ्रीका भेजा गया खिलाड़ी का शव, ऐसे हुई थी मौत
रायपुर । बाराद्वार में ट्रेन से गिरकर हुई अफ्रीकन फुटबाल खिलाड़ी की मौत के पखवाड़ेभर बाद उसका शव अफ्रीका भेजा गया। हादसे के बाद से पुलिस परिजनों का इंतजार कर रही थी। इस बीच पीएम भी नहीं हो सका था। परिजनों के ओर से नागपुर की एक कंपनी खिलाड़ी का शव लेने गुरुवार को बाराद्वार पहुंची। सभी दस्तावेज देखने के बाद शव कंपनी को सौंपा दिया गया।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त की रात बाराद्वार में ट्रेन से गिरकर अफ्रीकन फुटबाल खिलाड़ी डायमंड अबूबकर (Africa football player Diamond Abubakar ) की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसकी जानकारी परिजनों को अफ्रीकी दूतावास के माध्यम से मृतक खिलाड़ी के परिजनों को सूचना दे दी गई थी। पुलिस के मुताबिक खिलाड़ी नाइजीरिया से मुंबई पहुंचा था और मुंबई से कोलकाता जा रहा था।
वह केरल फुटबाल टीम की ओर से खेलने के लिए 6 माह की वीजा पर भारत आया था। पुलिस को जो वीजा मिला है, उसमें 24 जुलाई 2019 से 23 जनवरी 2020 तक की अवधि है। मर्ग कायम कर शव को स्वास्थ्य केन्द्र में डीप फ्रीजर में रखा गया था। परिजनों के आने पर पीएम कराने की बात कही जा रही थी।
गुरुवार को परिजनों की ओर से अधिकृत योगेश इंटरनेशनल प्राईवेट लिमिटेड कंपनी की तरफ से नागपुर निवासी लोकेश लोखंडे शव लेने दस्तावेज के साथ एबुलेंस लेकर बाराद्वार पहुंचा था। बाराद्वार पुलिस ने खिलाड़ी का शव दक्षिण अफ्रीका के आइवेरी पहुंचाने के लिए लोकेश लोखंडे के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मृत्यु संबंधी पंचनामा, पीएम रिपोर्ट व मृतक के जेब से मिले मोबाइल व 400 रुपए नगद भी सौंपे। रास्ते में कोई समस्या न हो इसलिए एनओसी भी दी गई है।
Published on:
22 Aug 2019, 9:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.