
kota stadium raipur
रायपुर . छत्तीसगढ़ के पहले एथलेटिक्स स्टेडियम का लोकार्पण शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने किया। राजधानी के कोटा इलाके में १७ करोड़ रुपए से निर्मित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही एथलेटिक्स अकादमी बनाई जाएगी, ताकि खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद स्टेडियम को एथलेटिक अकादमी के रूप में विकसित करने और राजधानी रायपुर के ईदगाहभाठा स्थित हिन्द स्पोर्टिंग मैदान में भी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। डॉ. सिंह ने इस अवसर पर तीन दिवसीय 'लईका मड़ईÓ का भी शुभारंभ किया। उन्होंने लईका मड़ई में कबाड़ से जुगाड़ प्रदर्शनी को भी देखा। समारोह को रायपुर सांसद रमेश बैस, कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल , लोकनिर्माण मंत्री राजेश मूणत ने भी संबोधित किया।
नवनिर्मित स्टेडियम में यह सुविधाएं
कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में अत्याधुनिक सुविधा से सुसज्जित अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, बैडमिंटन हॉल तथा महिला-पुरुष जिम बनाया गया है। टै्रक सुविधाओं के अंतर्गत 400 मीटर लंबा 8 लेन सिंथेटिक एथलेटिक टै्रक , 100 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, 8 लेन प्रैक्टिस टै्रक का निर्माण किया गया है। इसके अलावा लंबीकूद, ऊंचीकूद, बांसकूद, चक्र फेंक, भाला फेंक, गोला फेंक, ट्रिपल जम्प, वाटर जम्प, बाधादौड़, फु टबॉल ग्राउंड और 2 बैडमिंटन कोर्ट बनाए गए हैं। स्टेडियम में मुख्य पैवेलियन भवन के साथ-साथ आधुनिक दर्शकदीर्घाओं का भी निर्माण किया गया है। दर्शकदीर्घा की क्षमता 3560 है।
महापौर समेत कांग्रेस पार्षदों ने किया बहिष्कार
स्टेडियम के लोकार्पण समारोह का रायपुर महापौर प्रमोद दुबे, नगरनिगम के एमआईसी सदस्य और कांग्रेस पार्षदों ने बष्हिकार किया। महापौर प्रमोद दुबे का कहना है कि नगरनिगम के जिस जोन में स्टेडियम का निर्माण हुआ है, उस कार्यक्रम के आमंत्रण-पत्र में जोन अध्यक्ष का नाम नहीं लिखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने दूसरे दलों के जनप्रतिनिधियों का अपमान करने की परंपरा बना रखी है।
निगम सभापति ने कसा तंज
महापौर द्वारा कार्यक्रम के बहिष्कार करने पर नगरनिगम के सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के लोकार्पण का कार्यक्रम किसी पार्टी विशेष का नहीं था। विकासकार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम में महापौर के नहीं पहुंचने का सीधा अर्थ कि महापौर विकासकार्यों के पक्षधर नहीं हैं।
Published on:
17 Feb 2018 08:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
