बुरे अनुभव के बावजूद चीन से लगाव : ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। चीनी कंपनियों के साथ छत्तीसगढ़ का अनुभव हमेशा से बेहद खराब रहा है। 2013 में छत्तीसगढ़ सरकार ने चीन की चायना नेशनल मशीनरी एंड इक्विपमेंट इम्पोर्ट एंड एक्सपोर्ट कंपनी का 35 करोड़ रुपए जब्त कर कंपनी को ब्लैकलिस्टेड करने के आदेश दिए थे। दरअसल, कंपनी को कोरबा में बिजलीघर लगाने के लिए मशीनरी की सप्लाई करनी थी, लेकिन कंपनी ने आठ साल बीतने के बावजूद कोई सप्लाई नहीं की, बाद में यह ठेका भेल को दे दिया गया। यह वही कंपनी है, जिसको लेकर बांग्लादेश में खालिदा जिया की सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। सिर्फ इतना ही नहीं, 2011 में चीन द्वारा अंतिम वक्त में राज्य के उद्योगमंत्री को वीजा देने से इनकार कर दिया गया था, नतीजा यह हुआ कि प्रतिनिधिमंडल को चीन का दौरा रद्द करके हांगकांग और सिंगापुर का दौरा करना पड़ा।