10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नदी-तालाबों में हुआ गणपति विसर्जन, कल इन रास्तों से निकलेंगी गणेश प्रतिमाएं और झांकियां

गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कुंड में कम और खारुन नदी और तालाबों में दिनभर चला
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Deepak Sahu

•

Updated: 24 Sep 2018, 10:42 AM IST

ganpati visarjan

नदी-तालाबों में हुआ गणपति विसर्जन, कल इन रास्तों से निकलेंगी गणेश प्रतिमाएं और झांकियां

रायपुर. अनंत चतुर्दशी पर नगर निगम प्रशासन का सारा इंतजाम धरा का धरा रहा गया। पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कुंड में कम और खारुन नदी और तालाबों में दिनभर चला। शहर के वार्डों, तालाबों के किनारे जिन जगहों पर कुंड बनाने का दावा किया गया था, वहां किसी अधिकारी या कर्मचारी की तैनाती ही नहीं की गई।

जागरूक गणेश उत्सव टोलियां ही कुंड में मूर्तियों का विसर्जन करतीं नजर आईं। वहीं, खारुन नदी के किनारे दो सालों से बन रहे अधूरे कुंड में जरूर लोग विसर्जन करने पहुंचे। राजधानी की जीवन रेखा खारुन नदी के एनीकट के साथ ब्रिज के पास गणेश विसर्जन का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था, लेकिन दोपहर तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नजर नहीं आए।

एेसी स्थिति में नदी और तालाबों को प्रदूषित होने से बचाया नहीं जा सका। जिन तालाबों के विसर्जन कुंड के पास जनप्रतिनिधि मौजूद थे, वहां लोगों ने श्रद्धापूर्वक कुंड में ही प्रतिमाओं का विसर्जन किया। जबकि एेतिहासिक बूढ़ातालाब, डगनिया तालाब, गुढि़यारी और भनपुरी तालाब में विसर्जन करने में श्रद्धालु जुटे नजर आए।

शहर में दस दिनों तक गणेशोत्सव की धूम रही। सुबह-शाम, पूजा-आरती, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरी। अनंत चतुर्दशी पर रविवार को घरों से लेकर बाजे-गाजे से शहर के सभी जगहों से गणेश की बड़ी प्रतिमाएं विसर्जन के लिए निकलीं।

मंगलवार को गणेश प्रतिमाएं व झांकियां शहर के राठौर चौक, एम.जी. रोड, शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, चिकनी मंदिर, कोतवाली चौक, सदर बाजार, सद्दाणी चौक, सत्तीबाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना के सामने सेे होकर लाखेनगर चौक, सुन्दरनगर, रायपुरा चौक होकर महादेव घाट होते हुए खारून नदी में विसर्जित होंगी। इस दौरान इस जुड़े रास्तें बंद रहेंगे।

खारुन नदी के किनारे दो सालों से जो विसर्जन कुंड बनाया जा रहा है, वहां दोपहर बाद निगम का अमला पहुंचा। तब जाकर कई प्रतिमाओं का विसर्जन कुंड में कराया। इसका जायजा लेने मंत्री राजेश मूणत भी खारुन नदी के पास पहुंचे। आधे-अधूरे कुंड के पास पाटा रखकर मूर्तियों का विसर्जन कराया गया और नदी के एनीकट पर विसर्जन करने के लिए रोका गया।

महाराजा बंध तालाब का सौंदर्यीकरण चल रहा है। इस तालाब के किनारे भी विसर्जन कुंड बनाया गया था। तालाबों को प्रदूषित होने से बचाने के लिए वार्ड पार्षद एवं जोन-6 अध्यक्ष सालिक सिंह ठाकुर तालाब के विसर्जन कुंड के पास मौजूद थे। इसे देखते हुए जब आस-पास से गणपति बप्पा की मूर्तियां लेकर तालाब के पास पहुंचे तो व्यवस्थित तरीके से कुंड में मूर्तियों का विसर्जन किया।