
भाई के निधन के बाद भतीजे अनंत संग प्रस्तुति देते ध्रुपद गायक पं. उमाकांत।
ताबीर हुसैन @ रायपुर। छह-सात साल की उम्र में मंदिरों में भजन गाया करते थे। जिन्होंने हमें सुना उननने पैरेंट्स को बताया और हमें तालीम दिलाई गई। हम नॉन म्यूजिशियन सोसायटी व फैमिली से हैं। ध्रुपद गुरुकुल से उत्साद फरीदुद्दीन डागर से तालीम ली। उस वक्त हमें कहा जाता था कि कौन सुनता ध्रुपद? इसका जमाना नहीं रहा। लेकिन हमने न सिर्फ सीखा बल्कि इसके प्रचार-प्रसार में जुट गए। अब तक 30 देशों के विद्यार्थी हमारे ध्रुपद संस्थान में शिक्षा ले चुके हैं। यह कहना है डागर घराने से ध्रुपद की शिक्षा लेकर देश-दुनिया में अपनी छाप छोड़ चुके पद्मश्री व संगीत नाटक अकादमी से अवॉर्डी पं. उमाकांत गुंदेचा का। एक महीने पहले इनके भाई रमाकांत गुंदेचा का निधन हो गया। तबसे इनके पुत्र अनंतरमाकांत अपने चाचा के साथ प्रस्तुति दे रहे हैं। रविवार को रंगमंदिर में प्रस्तुति देने पहुंचे उमाकांत ने ध्रुपद को लेकर अपनी जर्नी शेयर की।
विजुअली चैलेंज आलिया को सिखाना चुनौती से कम नहीं था
उमाकांत ने बताया कि पाकिस्तान से विजुअली चैलेंज गर्ल आलिया ने हमारे घर में रहकर 4 साल ध्रुपद सीखा। उन्हें सिखाना हमारे लिए किसी चुनौती से कम नहीं था लेकिन हम शिक्षा देने में सफल रहे। आज की तारीख में पाकिस्तान में ध्रुपद को प्रमोट करने वाली वही एकमात्र गायिका है। उमाकांत ने बताया कि नाट्यशास्त्र के अनुसार वर्ण, अलंकार, गान-क्रिया, यति, वाणी, लय आदि जहां परस्पर सम्बद्ध रहें, उन गीतों को ध्रुव कहा गया है। जिन पदों में यह नियम शामिल हों उन्हें ध्रुवपद या ध्रुपद कहा जाता है।
झीनी-झीनी चदरिया...
पं. उमाकांत गुंदेचा और उनके भतीजे अनंतरमाकांत गुदेचा ने ध्रुपद जुगलबंदी की प्रस्तुति दी। इसमें राग भोपाली, आलाप और ध्रुपद प्रस्तुत किया। तू ही सूर्य तू ही चंद्र, सूलताल में बंदिश, शंकर सुत गणेश गाया। कबीर के पद झिनी-झिनी चदरिया से समापन किया। राग चारूकेशी में गायन में पखावज पर ज्ञानेश्वर देशमुख ने साथ दिया। इसके बाद पं अखिलेश गुंदेचा का पखावज वृंद की प्रस्तुति दी।
हर पल कमी महसूस होती है
उमाकांत ने कहा कि भाई रमाकांत की कमी हर पल महसूस करते हैं। बचपन से साथ खेला, पले-बढ़े और तालीम लेकर देश-विदेश में प्रस्तुतियां दी। ऐसा कोई भी परफॉर्मेंस नहीं था जिसमें हम साथ नहीं थे। लेकिन विधि के विधान का पालन सभी को करना पड़ता है। उनके पुत्र अनंत के साथ हमारी जोड़ी को एप्रिशिएट किया जा रहा है।
पखावज वंद ने बटोरी तालियां
अखिलेश और शिष्य ज्ञानेश्वर देशमुख, रमेशचंद्र जोशी, दीपक तिवारी, अुनजा बोरुडे की प्रस्तुति से हॉल तालियों से गूंज उठा। पखावज वंद पांच पखावजों का समूह हो अखिलेश की संकल्पना है। इसके अंतर्गत शिव वंदना, जिसे ज्योतिर्लिंग परन कहते हैं प्रस्तुत किया। पखावज के बोल और बारह ज्योर्तिलिंग के नाम आते हैं। इन्होंने ताल, चौताल प्रस्तुत किया। इसमें उठान, परने, एरेला फरमाइशी चक्करदार की प्रस्तुति दी। हॉर्मोनियम पर विद्यानाथ रहे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
17 Dec 2019, 12:35 AM IST
Published on:
17 Dec 2019, 12:35 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




