जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी बनें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
रायपुर. मूलत: बिहार के रहने वाले जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 14वें चीफ जस्टिस बन गए हैं। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल बलरामदास टंडन ने जस्टिस त्रिपाठी को चीफ जस्टिस पद की शपथ दिलाई। आपको बता दें कि जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी इससे पहले पटना हाईकोर्ट में लंबे समय तक जस्टिस थे। अब वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 14वें चीफ जस्टिस होंगे।
जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी की स्कूली शिक्षा संत जेवियर्स स्कूल बोकारो में ग्रहण की। यहां से प्लस टू स्तर की शिक्षा हासिल की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के मशहूर श्रीराम कॉलेज से उच्च शिक्षा ग्रहण की। दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने 1981 से हाई कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की। नौ अक्टूबर, 2006 से ही उन्होंने पटना हाई कोर्ट में जज के रूप में कार्य शुरू किया। वे 21 नवंबर, 2007 को हाई कोर्ट के नियमित जज बने। गोल्फ में उनकी गहरी रुचि है। वे अंतर राज्यस्तरीय गोल्फ टूर्नामेंट में भी हिस्सा ले चुके हैं।
वे 2007 से 2009 तक पटना गोल्फ क्लब के अध्यक्ष रहे। इनके पिता पंडित हरि नारायण त्रिपाठी समाजसेवी हैं। इनके छोटे भाई विजय कुमार त्रिपाठी एवं अभय त्रिपाठी आईएएस अधिकारी हैं। बोकारो इस्पात नगर के अजय कुमार त्रिपाठी इससे पूर्व वे पटना हाई कोर्ट में न्यायाधीश रह चुके हैं। बोकारो इस्पात नगर से इनका गहरा नाता है।
शनिवार को राजभवन में आयोतिज शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय, अमर अग्रवाल, महेश गागड़ा समेत प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहें।