अनुपम गार्डन में फोक संगीत की शिक्षा देते हुए संघर्ष यदु।
रायपुर। स्थान अनुपम गार्डन। वक्त सुबह के 8 बजे। युवाओं के हाथों में ढोलक-मंजिरा। हारमोरियम। मकसद है लोग संगीत के प्रति रुचि बढ़ाना। सिटी के संघर्ष यदु ने एक शुरुआत की है। इसमें आप भी शामिल हो सकते हैं। वे हर रविवार को अनुपम गार्डन में ओपन क्लास ले रहे हैं। उनका कहना है कि हमारे शहर में टैलेंट की कोई कमी नहीं है लेकिन जरूरत एक प्लेटफॉर्म देने की है। मैं संगीत का शिक्षक हूं ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हफ्ते में एक दिन ओपन शिक्षा दी जाए।
ऐसे आया आइडिया
हाल ही में खैरागढ़ संगीत विवि से एमए लोक संगीत की परीक्षा में वे मैरिट लिस्ट में प्रथम रहे। संघर्ष ने बताया कि प्रावीण्य सूची में आने से एक तरह जिम्मेदारी का अहसास हुआ। जिस विधा में हम आगे होते हैं तो हमारा सामाजिक दायित्व बन जाता है। जो भी हमें मिलता है समाज से ही। ऐसे में उसे लौटाना भी जरूरी है। ज्यादा नहीं जितना हो सके उतना। इसलिए मैंने अपने साथियों के साथ हफ्ते में एक दिन इस तरह की क्लास की शुरुआत की है।
सिटी का कोई भी युवा जिसे लोक संगीत में जरा भी रुचि है, उसे मार्गदर्शन की जरूरत हो तो वह रविवार को अनुपम गार्डन आ सकता है। यहां सभी प्रकार के वाद्य यंत्र हैं। संगीत प्रेमी भी मिलेंगे जो अलग-अलग विधाओं में पारंगत हैं।
फिल्म डायरेक्टर मनोज वर्मा दूसरे स्थान पर
फिल्म डायरेक्टर मनोज वर्मा खैरागढ़ विवि की ओर से जारी प्रावीण्य सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने बताया कि 4 साल में यह डिग्री मिली है। दो साल डिप्लोमा में लगे और दो साल एमए में। व्यस्तता के बीच ये करना मेरे लिए थोड़ा मुश्किल जरूर था लेकिन दोस्तों के कहने पर मैंने फॉर्म भर दिया था।