
उम्मीदवारों की लिस्ट में नाम न होने पर भड़क उठा सपा नेता, बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कह दी ये बात
रायपुर. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के सहारे छत्तीसगढ़ में जमीन तलाश रही समाजवादी पार्टी के लिए उस वक्त मुश्किलें बढ़ गई, जब पार्टी के प्रदेश प्रभारी तिलक यादव और प्रदेश अध्यक्ष तनवीर अहमद रविवार को विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे थे, उम्मीदवारों की लिस्ट में नाम न होने पर वहां मौजूद पार्टी नेता ने हंगामा शुरू कर दिया।
टिकट नहीं मिलने से नाराज सपा नेता ने पार्टी आलाकमान पर जमीनी कार्यकर्ताओं के अनदेखी का आरोप लगाया। खबरों के अनुसार विरोध करने वाला सपा नेता बलौदाबाजार का है। खबरों के अनुसार सपा ने गठबंधन के तहत बलौदाबाजार की सीट गोंगपा को दे दी है, जिसका सपा नेता ने विरोध जताया।
नाराजगी जाहिर करते हुए सपा नेता ने कहा कि पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं और झंडा उठा रहे हैं, और पार्टी ने बिना चुनाव संचालन समिति के प्रत्याशियों के नाम तय कर लिया। पार्टी पदाधिकारी ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी को बदनाम करने के लिए भेजे जाते हैं। हालांकि बाद में विरोध कर रहे नेता को शांत कराया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ में सपा की सहयोगी दल गोंगपा के प्रमुख हीरासिंग मरकाम भी नेता मौजूद थे।
विरोध के बीच उम्मीदवारों की घोषणा
समाजवादी पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इनमें 9 उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए गए हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष तनवीर अहमद, प्रदेश प्रभारी तिलक यादव ने मीडिया को बताया कि जिन 9 उम्मीदवारों के नाम तय किए गए हैं उनमें संतोष पुनेम - बीजापुर, विमलेश दुबे - जगदलपुर, छविन्द्र कर्मा - दंतेवाड़ा, नवीन गुप्ता - रायपुर पश्चिम, योगेन्द्र भोई - बसना, जीवन सिंह यादव - अकलतरा, मुकेश लहरे - पामगढ़, अमरनाथ अग्रवाल - कोरबा, सुबेदार सिंह यादव - वैशाली नगर से हैं।
छत्तीसगढ़ में सपा और गोंगपा लड़ेगी चुनाव
कांग्रेस और बाद में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के साथ चल रही गठबंधन की बातचीत को मुकाम तक पहुंचता नहीं पाकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अलग राह चुनी है। गोंगपा ने छत्तीसगढ़ में समाजवादी पार्टी से समझौता कर लिया है। इस गठबंधन में सपा 18 सीट पर चुनाव लड़ेगी वहीं बस्तर की कुछ सीटों को छोड़कर अन्य पर गोंगपा अपना प्रत्याशी उतारेगी।
Published on:
21 Oct 2018, 4:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.