
चोलनार ब्लास्ट में 7 जवानों ने गंवाई थी जान, इन दो खिलाड़ियों ने नक्सलियों की थी एेसे मदद
रायपुर/दंतेवाड़ा. नक्सलियों के दो मददगारों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से एक कबड्डी का राज्यस्तरीय खिलाड़ी बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है किरंदुल क्षेत्र के चोलनार में 20 मई को हुए विस्फोट में इन दोनों को हाथ है।
नक्सलियों को ये रसद के साथ ही विस्फोटक भी मुहैया करवाते थे। पुलिस ने जब सख्ती बरती तो दोनों ने बताया कि दक्षिण बस्तर की किन-किन दुकानों से विस्फोटक खरीदकर नक्सलियों तक पहुंचाते थे। बतादें कि आईईडी ब्लास्ट में 7 जवान शहीद हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक गुमियापाल के रहने वाले नरेश तेलामी जो गांव की सरपंच का पति है और कमेलश उर्फ प्रदीप उर्फ पोदिया नक्सली संगठन के लिए सालों से काम कर रहे थे। पोदिया कबड्डी का राज्यस्तरीय खिलाड़ी रह चुका है। दोनों बड़े नक्सली नेताओं से संबंध होने की बात भी कबूल रहे हैं।
इन्होंने पुलिस को बताया कि नक्सली जयलाल, गुंडाधुर और गुड्डी के कहने पर वे कई सालों से उन्हें सामान उपलब्ध कराते आ रहे हैं। वे किरंदुल के अलावा दंतेवाड़ा और जगदलपुर से भी कई दफे विस्फोटक लेकर आए हैं। पुलिस को इन दोनों ने दुकान संचालकों के नाम भी बताए हैं। साथ ही पुलिस को आसपास के इलाके में सक्रिय नक्सलियों के पते ठिकानों का भी सुराग दिया है।
एएसपी गोरखनाथ बघेल ने कहा कि नक्सलियों के इन मददगारों से कई अहम जानकारी मिली है। पुलिस इसकी गहराई से पड़ताल कर रही है।
Published on:
27 May 2018, 12:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.