24 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रिश्वत के आरोप में कुरावर थाना प्रभारी को किया लाइन अटैच

बोड़ा जोड़ पर एक ढाबे से बाइक चोरी के आरोप में पांच युवकों को पकड़ा, छोडऩे के मांगे थे ३० हजार, नरसिंहगढ़ कांग्रेस विधायक बैंठे धरने पर...

2 min read
Google source verification
news

Kurwar Congress MLA Girish Bhandari sitting on the outside of the police station.

राजगढ़. कुरावर थानेदार सुरेन्द्र यादव पर पांच युवकों को पकड़कर उन्हें छोडऩे के बदले ३० हजार और थाने में न पीटने के छह हजार रुपए मांगने के आरोप लगाते हुए नरसिंहगढ़ विधायक गिरीश भंडारी धरने पर बैठ गए। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस धरने के बाद टीआई को लाइन अटैच कर दिया। जिसके बाद विधायक धरने से उठे।

क्या था मामला
बोड़ा जोड़ पर एक ढाबे पर रविवार को अचानक देवगढ़ चौकी के स्टाफ के साथ कुरावर टीआई सुरेन्द्र यादव ने दबिश दी और वहां से पांच युवकों को पकड़ा। जिनमें चंदरसिंह, हेमसिंह, उधमसिंह, राजू, धीरपसिंह निवासी खजूरी एवं सलाय आदि गांव के रहने वाले थे। इन पर आरोप लगाया कि जो बाइक इनके पास है। वह चोरी की है। सभी को थाने ले जाया गया और मारना शुरू कर दिया।

चंदरसिंह और उधमसिंह ने बताया कि रात में न मारने के छह हजार रुपए लिए और हमने बाइक के सभी दस्तावेज दूसरे दिन प्रस्तुत किए, लेकिन हमें छोडऩे के फिर ३० हजार रुपए की मांग की। जो आज हमारे परिजन लेकर भी आ रहे थे, लेकिन रास्ते में यह बात नरसिंहगढ़ विधायक गिरीश भंडारी को पता लगी तो वे भी साथ आ गए।

कई लोग आए मनाने
कांग्रेस विधायक गिरीश भंडारी के धरने पर बैठने की सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार अरविंद दिवाकर उनसे बात करने पहुंचे, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद एसडीओपी नागेन्द्र बैस भी आए। जहां उन्होंने विधायक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विधायक का कहना था कि जब तक इस तरह के अधिकारी थाने पर तैनात रहेंगे। जनता परेशान होगी। ऐसे में उन्हें थाने से हटाया जाए। लगभग साढ़े चार घंटे के बाद एसडीओपी ने टीआई को लाइन अटैच करने की बात कही। तब कही जाकर विधायक धरने से उठे।

टीआई बोले, आप विस देखो थाना हमें देखने दो
विधायक जब कुरावर थाने पहुंचे और उन्होंने पूरे मामले को लेकर कहा कि जब युवकों ने गाड़ी के दस्तावेज दे दिए है तो उनसे पैसे मांगने या फिर मारपीट क्यों की जा रही है। टीआई ने विधायक से कहा कि विधायक जी आप विधानसभा देखे और थाना हमें ही देखने दो। इस बात को सुनने के बाद उन्होंने कहा कि एक तो खाकी वर्दी को बदनाम कर रहे हो उसके बाद इस तरह की बातें शोभा नहीं देती। उन्होंने बंद युवकों को छोडऩे के लिए कहा। जिस पर टीआई अपनी गाड़ी उठाकर वहां से चल दिए। इस बात पर विधायक थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए।


मैं विधानसभा जा रहा था कि रास्ते में ग्रामीणों ने इस तरह की वसूली की जानकारी दी। तब में खुद थाने पर पहुंचा और टीआई को नियमानुसार कार्रवाई के लिए बोला, लेकिन उनके इरादे अलग थे और मेरे पहुंचने से उनका नुकसान हो रहा था। इस कारण से वे उन्हें छोडऩा ही नहीं चाह रहे थे।
गिरीश भंडारी, कांग्रेस विधायक नरसिंहगढ़
मुझ पर जो आरोप लगाए जा रहे है। वह गलत है। मैंने मारपीट नहीं की। पांच गाडिय़ों में से दो का वेरिफिकेशन नहीं हुआ। जिसकी जांच जरूरी थी। इसी कारण इन्हें बैठा रखा था।
सुरेन्द्र यादव, टीआई कुरावर
शिकायत को लेकर जांच की जा रही है। जांच निष्पक्ष हो। इसके लिए कुरावर टीआई को यहां से हटाया जा रहा है।
नागेन्द्र बैस, एसडीओपी नरसिंहगढ़