
साढ़े 21 लाख का गांजा समेत आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG Crime News: नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए अपराधी अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोमनी थाना क्षेत्र में सामने आया। ट्रक क्रमांक डब्ल्यूबी 23 ई 4218 में दो तस्करस्पंज आयरन (कच्चा लोहा) के नीचे 215 किलो गांजा को छिपाकर ओडिसा से महाराष्ट्र की ओर लेकर जा रहे थे।
जब्त गांजा की कीमत साढ़े 21 लाख रुपए बताई गई है। सोमनी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ 20 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
सोमनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा की तस्करी कर ओडिसा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सोमनी पुलिस ने हाइवे पर थाना के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान स्पंज आयरन से लदा वाहन पकड़ में आया। तलाशी के दौरान 8 बोरी में लाखों का गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने गांजा को बोरियों में भर कर लोहा के नीचे छिपा दिया था। वाहन से 21 लाख 50 हजार कीमत गांजा बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपी भरत कुमार सिंह पिता रमाधार निवासी ताजपुर थाना माझी जिला छपरा बिहार व पूरन लाल लड़िया उर्फ राजू पिता कुंजी लाल निवासी कुम्रोड़ा (रिचई) थाना सुआताला जिला नसिंगपुर (मप्र) हालमुकाम झांकड़पारा धनकौड़ा थाना सदर धानुपाली जिला संबलपुर ओडिसा को गिरफ्तार कर लिया।
तस्कर राजनांदगांव बॉर्डर को कॉरिडोर बनाकर चल रहे हैं। यही वजह है कि आए दिन गांजा व शराब तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कच्चा लोहा को कौशल फेरो मेटल फैक्ट्री से भरकर जलना महाराष्ट्र के लिए निकले थे। संबलपुर के ढाबा में एक व्यक्ति पार्सल ले जाने की बात कहते हुए एक बोरी का 5 हजार रुपए देने की बात कही। पैसे के लालच में दोनों गांजा से भरे बोरियों को लोहा के नीचे छिपा कर ले जाने तैयार हो गए। सोहेला गांव के पास रात 12 बजे तीन आदमी टेम्पू से 8 बोरियों में माल लेकर पहुंचे और गांजा पार्सल को ट्रक में भरकर चले गए। पुलिस गांजा की खेप भेजने वाले मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है।
Updated on:
23 Jul 2025, 1:40 PM IST
Published on:
23 Jul 2025, 1:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.