
भीड़... मतदान केंद्रों में उमड़ी रही मतदाताओं की भीड़।
राजनांदगांव / खैरागढ़. विधानसभा के लिए पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया पूर्ण की गई। खैरागढ़ विधानसभा में माक पोल के दौरान ही 10 मतदान केन्द्रो में वोटिंग मशीन मे परेशानी आ गई जिसे त्वरित रूप से बदला गया फिर मतदान शुरू कराया गया। जबकि खैरागढ़ शहर के एक बूथ मे मशीन को सही ढंग से आपरेट नही करने पर सुधार के बाद मतदान शुरू किया गया जहाँ आधे घंटे बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान को लेकर शहर सहित ग्रामीण इलाकों में लोगों में बेहतर उत्साह दिखा। स्थानीय कंट्रोल रूम से मिली जानकारी मुताबिक पहले दो घंटे मे ही खैरागढ़ विधानसभा में 21 फीसदी मतदान पूर्ण कर लिया गया। मतदान के दौरान प्रत्याशियों ने भी मतदान संबंधित केन्द्रों में किया।
संगवारी व आदर्श बुथ ने बढ़ाया उत्साह
मतदान जागरूकता अभियान के तहत शहर मे महिला मतदाताओ के लिए अलग से बनाए गए संगवारी मतदान केन्द्र क्रं 219 क में महिला मतदाताओ के लिए आकर्षक साजसज्जा ने मतदाताओ का उत्साह बढ़ाया। यहां दाउचौरा वार्ड की महिला मतदाताओं ने ही अपना मतदान किया। केन्द्र को आकर्षक ढंग से सजाने के बाद यहां रंगोली सहित अन्य साज सज्जा भी की गई थी। इस मतदान केन्द्र से लगे पुरूषों के मतदान केन्द्र में भी आने वाले सभी मतदाताओ का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। यहां दिव्यांगो, बुजुर्गो के लिए दिव्यांग रथ के साथ ट्राइसिकल की व्यवस्था भी की गई थी।
10 बूथों में बदले इवीएम मशीन, एक में सुधार
मतदान प्रक्रिया शुरू करने के पूर्व ईवीएम के माकपोल के दौरान विधानसभा के मतदान केन्द्र क्रं 63 संबलपुर, 69 गंडई, 91 बागुर, 128 बकरकटटा, 190 बडग़ड़ा, 198 कातलवाही, 213 मुस्का, 251 मुतेड़ा, 275 भोथी और 277 पवनतरा केन्द्र की ईवीएम में खराबी पाए जाने पर मतदान शुरू करने पूर्व मशीन को बदल लिया गया। खैरागढ़ शहर के पालीटेक्रीक कालेज में बनाए गए मतदान केन्द्र 217 में मतदान दल द्वारा ईवीएम को सही तरीके से आपरेट नही करने पर खराबी आई जिसे तकनीकी जानकारों ने सुधार के बाद शुरू कराया जिसके कारण यहां आधे घंटे देरी से मतदान शुरू हो पाया। पहले दो घंटे मे विधानसभा स्तर पर 21 फीसदी मतदान की जानकारी अधिकारियों ने दी।
गिरवर ने ओटेबन कोमल ने घिरघोली में किया मतदान
कांग्रेस प्रत्याशी गिरवर जंघेल ने अपने निवास ग्राम ओटेबन के प्राथमिक शाला भवन में बनाए गए मतदान केन्द्र 113 में अपने परिवार के साथ मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने जनता का आर्शीर्वाद मिलने का पूरा भरोसा जताया। भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ने इस दौरान अपने निवास ग्राम घिरघोली के मतदान केन्द्र 120 में अपना मतदान किया और सरकार के विकास को जनता का समर्थन मिलने व जीत के प्रति आश्वस्त दिखे।
बहनों ने कहा बेस्ट आफ लक, फिर किया देवव्रत ने मतदान
मुकाबले को त्रिकोणीय संघर्ष में ला चुके पूर्व सांसद और जकांछ प्रत्याशी देवव्रत सिंह अपनी पत्नी विभा सिंह और दोनों बहनों के साथ शहर के पालीटेक्रीक कालेज स्थित मतदान केन्द्र 217 पहुंचे। मतदान पूर्व सिंह की दोनों बहनों ने उन्हे जीत के लिए बेस्ट आफ लक कहा इसके बाद सिंह पत्नी विभा सिंह और बहनों के साथ मतदान केन्द्र में लाइन में लगकर मतदान किया और जनता का समर्थन पूर्ण रूप से मिलने का भरोसा जताया।
देर रात होगी दलों की वापसी
विधानसभा चुनाव के लिए गए मतदान दलों की वापसी रात होते होते शुरू हो गई। 61 रूटों में रवाना किए गए मतदान दलों में शहर सहित आसपास के रूटों के मतदान दलों की वापसी शाम सात बजे के बाद शुरू हो गई। खैरागढ़ ब्लाक के बाद छुईखदान ब्लाक के मतदान दलों की वापसी के लिए कड़े सुरक्षा के बंदोबस्त किए गए है। सभी दलो को सुरक्षित वापस लाने अतिरिक्त फोर्स लगाए गए है। अधिकारियों ने देररात तक सभी मतदान दलों की सुरक्षित वापसी का भरोसा दिलाया है।
Published on:
14 Nov 2018 04:36 pm

बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
