
निर्वाचन आयोग ने ठुकराई ग्रामीणों की मांग, चिखलदाह के मतदाता करेंगे चुनाव का बहिष्कार
राजनांदगांव / खैरागढ़. डोंगरगढ़ विधानसभा के तहत आने वाले चिखलदाह के ग्रामीणों ने मतदान केन्द्र बदले जाने के खिलाफ आखिरकार मतदान बहिष्कार करने की घोषणा करते इसकी लिखित जानकारी प्रशासन को दे दी। उल्लेखनीय है पाड़ादाह पंचायत के आश्रित ग्राम चिखलदाह में लगभग दो सौ तीस से अधिक मतदाता हैं। पहले इनका मतदान केन्द्र दो किमी दूर पंचायत मुख्यालय पाड़ादाह में आश्रितग्राम बाकलसर्रा के साथ बनता था। चुनाव आयोग ने इस बार बांकलसर्रा में ही मतदान केन्द्र बना दिया लेकिन उसमें शामिल चिखलदाह को अलग नही किया। विधानसभा चुनाव के दौरान अब चिखलदाह के मतदाताओं को दो किमी दूर पाड़ादाह को पार करके पांच किमी बांकलसर्रा तक मतदान करने जाना होगा।
विधिवत आवेदन के बाद भी पहल नहीं
इसकी जानकारी होने पर चिखलदाह के मतदाताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर मतदान केन्द्र को पाड़ादाह, बेंद्रीडीह पंचायत में शिफ्ट किए जाने का विधिवत आवेदन भी दिया था। प्रशासन ने भी मामले में पहल करते इसकी मांग निर्वाचन आयोग से की थी लेकिन चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी निर्वाचन आयोग ने इसमें किसी प्रकार की दिलचस्पी नही दिखाई जिसके बाद शनिवार को चिखलदाह के ग्रामीणों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन स्थानीय एसडीएम को सौंपते चुनाव बहिष्कार करने की लिखित जानकारी दे दी।
ग्रामीण कर रहे थे दो माह से मांग
चिखलदाह के मतदान केन्द्र को बांकलसर्रा की बजाय पाड़ादाह या बेन्द्रीडीह शिफ्ट किए जाने की मांग को लेकर पत्रिका ने मामले को उठाया था। 29 अक्टूबर के अंक में प्रकाशित खबर में ग्रामीणो ने इसके लिए बकायदा मांग की भी लेकिन कार्यवाही नही होने के बाद ग्रामीणों ने दीवाली पर्व के दौरान गांव में बैठक कर चुनाव बहिष्कार की तैयारी कर ली। ग्रामीणों ने कहा कि 2 किमी दूर मतदान केन्द्र की बजाय 5 किमी तक मतदान के लिए जाना सभी मतदाताओं के लिए संभव नही है। ऐसे मे चुनाव का बहिष्कार ही बेहतर विकल्प है। 65 से अधिक ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन स्थानीय एसडीएम को सौंप इसकी जानकारी दे दी है।
Published on:
11 Nov 2018 04:41 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
