
Chhattisgarh News: राजनांदगांव। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और जीवनदीप समिति के तहत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी 4 जुलाई से एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाने की तैयारी में है। इससे जिले में स्वास्थ्य विभाग की कार्य व्यवस्था एक बार फिर पटरी से उतर जाएगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य जीवन दीप कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी मांगे पूरी नहीं होती है, तो वे भूख हड़ताल में जाने के लिए बाध्य होंगे। ये अधिकारी-कर्मचारी बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।
संघ के वरिष्ठ उप प्रांताध्यक्ष पीसी जेम्स, उप प्रांताध्यम एल धनकर, प्रांतीय सचिव संगीता दोंदिलकर, कार्यकारी अध्यक्ष लभेश पगारे, संभागीय सचिव माया कुंजाम आदि ने बताया कि उनकी 24 सूत्रीय मांगे हैं। जिनकी मांग के लिए वे समय-समय पर आंदोलन करते आ रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। इससे कर्मियों में आक्रोश का माहौल है।
विभाग का काम प्रभावित हो जाएगा
स्वास्थ्य विभाग में ऐसे 500 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं, जो 4 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इसमें स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, नेत्र सहायक, फार्मासिस्ट, एंबुलेंस चालक, लिपिक, वार्ड ब्वाय, आया, स्वीपर के साथ-साथ जीवनदीप के सभी कर्मचारी शामिल रहेंगे। संघ के कर्मियों ने प्रमुख मांगों के बारे में बताया कि वेतन विसंगति दूर हो। कोरोना काल में अपातकाल सेवा देने वालों को पुलिस विभाग की तरह 13 माह का वेतन दिया जाए।
Published on:
22 Jun 2023, 5:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.