
congress bjp
Rajnandgaon News: राजनंदगांव जिले के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की जिला पंचायत में इन दिनों राजनीतिक हलचल तेज होने की चर्चा है। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासी समीकरण बदलने की अटकलों के बीच भाजपा और कांग्रेस के कई जिला पंचायत सदस्यों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं।
सदस्यों के अचानक संपर्क से बाहर होने की खबर ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। मोहला जिला पंचायत में अध्यक्ष समेत कुल 10 सदस्य हैं। इनमें 8 सदस्य भाजपा और 2 सदस्य कांग्रेस से हैं। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष को छोड़कर अन्य सदस्यों से फिलहाल संपर्क नहीं हो पा रहा है। मोबाइल फोन बंद होने और सदस्यों के एक साथ नजर नहीं आने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि सदस्य किसी रणनीति के तहत एक साथ गए हैं। यदि ऐसा है तो आने वाले दिनों में जिला पंचायत की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर अध्यक्ष पद को लेकर किसी भी तरह के समीकरण बनने पर इसका सीधा असर जिला पंचायत की राजनीति पर पड़ेगा।
राजनीतिक हल्कों में चर्चा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा-कांग्रेस के सदस्यों के बीच नए समीकरण बनाने की कोशिश चल रही है। हालांकि सदस्यों के संपर्क से बाहर होने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। न ही किसी सदस्य की ओर से अज्ञातवास या किसी राजनीतिक रणनीति की आधिकारिक पुष्टि की गई है।
सदस्यों के अचानक संपर्क से बाहर होने की खबर से भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों के स्थानीय संगठन भी सतर्क बताए जा रहे हैं। राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सदस्यों से संपर्क साधने की कोशिश की चर्चा है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन 10 सदस्यीय जिला पंचायत में अध्यक्ष पद को लेकर अचानक बढ़ी हलचल ने राजनीतिक माहौल जरूर गर्म कर दिया है। अब नजर इस बात पर है कि संपर्क से बाहर बताए जा रहे सदस्य कब सामने आते हैं और उनके रुख से जिला पंचायत के भीतर चल रही चर्चाओं की तस्वीर कितनी साफ होती है।
Updated on:
02 Oct 2026 02:27 pm
Published on:
02 Oct 2026 02:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
