
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
रामपुर. एक महिला को कुछ लोगों द्वारा निर्वस्त्र करके गांव की गलियों में घुमाकर उसकी आबरू को सरेआम नीलाम करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान गांव के महिला-पुरुष महिला को निर्वस्त्र देख शर्म से सिर झुकाए रहे। आरोप है कि जब महिला ने जब थाने में जाकर पुलिस अधिकारियों को आपबीती सुनाई तो उन्होंने मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। पुलिस ने महिला के संगीन आरोप को खारिज करके मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज कर मामले को रफा-दफा करने की कवायद शुरू कर दी।
दरअसल, घटना रामपुर के मिलक कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। जहां एक युवक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जैसे ही उनके प्रेम संबंधों की भनक युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों की मुलाकात पर पाबंदी लगा दी, लेकिन इसी बीच शनिवार रात को दोनों घर से फरार हो गए। सुबह जब परिजनों ने युवती को घर में नहीं पाया तो उनके होश उड़ गए। आरोप है कि इसके बाद युवती के परिजन युवक के घर पहुंचे और युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज हुई, हालांकि ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव करवा दिया।
युवक की मां ने आरोप लगाए हैं कि युवती के परिजन कुछ देर बाद वापस लौटे और उसे घर से खींचकर ले गए। गांव के बीच ले जाकर उसके कपड़े फाड़ दिए गए। इसके बाद उन्होंने उसे निर्वस्त्र कर गांव की गलियों में घुमाकर बेआबरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देख आरोपी भाग खड़े हुए। इसके बाद परिजन महिला को लेकर थाने पहुंचे और आपबीती सुनाई।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। महिला को गांव में निर्वस्त्र करके नहीं घुमाया गया है, बल्कि उसके साथ मारपीट की गई है। मारपीट की धाराओं में केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला का बेटा गांव की ही एक बेटी के साथ भाग गया है, जिससे नाराज होकर बेटी वालों ने आरोपी की मां को मारा-पीटा है।
Published on:
08 Feb 2021 12:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
