
बड़ी खबर: प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी देने पर आजम खान ने कांग्रेस को दी यह चेतावनी
रामपुर। अपने गृह जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आजम खान इस बार भाजपा नहीं बल्कि कांग्रेस पर जमकर भड़के। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए यहां तक कहा कि यह धमकी नहीं बल्कि सुझाव है। इस बीच उन्होंने ईवीएम मुद्दे पर चुनाव आयोग और कुंभ को लेकर राज्य सरकार पर भी निशाना साधा।
प्रियंका गांधी पर दिया यह बयान
कांग्रेस में प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर आजम खान ने कहा कि यह कहना गलत होगा कि वह अब सक्रिय राजनीति में आई हैं। उनका पूरा परिवार ही राजनीति में है। तीन राज्यों में जीत के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में आने की घोषण करना ठीक समझा। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस वोट काटने का काम न करे नहीं तो वह उसको बेनकाब कर देंगे। अगर ऐसा हुआ तो वह सबके सामने उसका असली चेहरा लाना उनकी मजबूरी होगा, जिसकी वजह से कांग्रेस आज यहां खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह धमकी नहीं बल्कि सुझाव है।
ईवीएम पर भी बोले
ईवीएम से चुनाव कराने की बात पर उन्होंने जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने इस मामले में चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्हेांने कहा कि चुनाव आयोग तो केंद्र सरकार के अधीन है। उन्होंने चुनाव आयोग की हैसियत पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने ईवीएम पर बगावती रुख अपना लिया तो आयोग भी कुछ नहीं कर पाएगा। जनता के इस आंदोलन को खड़ा करने के लिए जयप्रकाश नारायण जैसे जुझारू नेता की जरूरत है।
कुंभ पर भी सरकार के घेरा
आजम खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदत्यिनाथ पर कुंभ का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका फायदा उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक अर्द्ध कुंभ पर महाकुंभ से ज्यादा खर्च किया जा रहा है। कुंभ में सुविधाओं के नाम पर टॉयलेट में पानी तक नहीं है। नहाने के लिए साफ पानी भी नहीं है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बड़े-बड़े कटआउट लगाकर इसका फायदा उठाने की कोशिश किया जा रहा है।
Updated on:
25 Jan 2019, 9:56 AM IST
Published on:
25 Jan 2019, 9:56 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरामपुर
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.