
photos from chatra
(पत्रिका ब्यूरो,रांची): झारखंड के चतरा जिले में ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर स्थित सहस्र शिवलिंग पर जलार्पण करने पहुंचे सात बच्चे नहाने के क्रम में नदी में डूब गए। दो बच्चों को स्थानीय ग्रामीणों ने बचा लिया, जबकि गोताखोरों ने एक बच्चे के शव को बरामद कर लिया है, किन्तु चार अन्य बच्चों का अब तक कुछ पता नहीं चला है।
भद्रकाली मंदिर में सहस्र शिवलिंग पर जलार्पण के लिए हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र के महाराजगंज से से श्रद्धालुओं का एक जत्था पहुंचा था। पूजा-अर्चना के पहले श्रद्धालु मंदिर के निकट महाने स्थित उत्तरवाहिनी नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से सात बच्चे नदी में डूब गए। तत्काल स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दो बच्चों को बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस उपाधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्चों की तलाश की जा रही है। परिजनों के अनुसार नदी में डूबे पांच बच्चों में से दो सगे भाई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभ में तीन बच्चों के लापता होने की खबर मिली थी, लेकिन अब पांच बच्चों के पानी में डूबने की बात कही जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने हजारीबाग और तिलैया के विशेष प्रशिक्षित तैराकों को रेस्क्यू अभियान में लगाया है। एनडीआरएफ की टीम को मौके पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजा गया।
इधर नदी में नहाने आए बच्चे काल का ग्रास बन गए उधर केरल में आई बाढ ने पूरे राज्य को तहस नहस कर दिया है। बाढ ने भयावह रूप धारण कर लिया है। 12 दिनों में करीब 400 लोगों की मौत हो गई है। झारखंड सरकार और राज्य वासियों ने सहयोग के लिए आगे कदम बढाया है। सरकार की ओर से 10 करोड रूपए बतौर सहायता राशि दिए है।
Published on:
20 Aug 2018 02:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
