
रतलाम। शहर में सर्दी के कड़े होते तेवरों के बीच पत्रिका अभियान हमदर्द से प्रेरित सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का मदद जज्बा जरूरतमंदों को गर्म व अच्छे कपड़े मुहैया करा रहा है। रविवार को रोट्रेक्ट क्लब सेंट्रल के युवाओं ने दिनभर कपड़े एकत्रित किए और शाम को शहरी की बस्ती में जाकर अपने हाथों से जरूरतमंदों को वितरण भी किया गया। वहीं, महूरोड पर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन ने खुला पंडाल लगाकर यातायात थाना प्रभारी की मौजूदगी में जरूरतमंदों को पसंद के कपड़े बांटे। रात को भट भैरव संस्थान के बच्चे भी जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशियां लाने के लिए कंबल लेकर निकल पड़े।
दिनभर गर्म व अच्छे कपड़ों का संग्रहण किया
रतलाम शहर में सेवा का जज्बा लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर की सड़कों और बस्तियों में ठिठुरते जरूरतमंद मदद के बढ़ते हाथों के बाद राहत पा रहे है। बड़ी संख्या में रोजाना सेवाभावी संस्थाओं के सदस्य गर्म, अच्छे और नए कपड़े व कंबल जरूरतमंदों तक पहुंचा रहे है। रविवार को शहर के शासकीय अग्रणी महाविद्यालय के सामने रोट्रेक्ट क्लब सेंट्रल ने अपना पंडाल लगाया। क्लब अध्यक्ष तेजस गांधी और सचिव नेहा गोरेचा की मौजूदगी में सदस्यों अंशुल चोपड़ा, पीयूष गांधी, समृद्धि जैन, सुरभि तालेड़ा, अभिषेक ओस्तवाल, सिम्मी जैन, गौरव गांधी, कावेरी श्रीमाल, अक्षय संचेती व अंकुल गोरेचा ने दिनभर गर्म व अच्छे कपड़ों का संग्रहण किया तथा शाम को बस्ती में जाकर बांट दिया। इस दौरान रेडक्रास समिति के चेयरमैन और समता युवा संघ के संरक्षक महेन्द्र गादिया भी पंडाल पहुुंचे और अपने हाथों से सड़क से गुजरते जरूरतमंदों को कपड़े प्रदान किए।
आओ और पसंद के कपड़े साथ ले जाओ
शहर के महूरोड पर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन ने शांति ट्रांसपोर्ट के अपने केेन्द्र स्थल पर रविवार को खुला पंडाल लगाया। यातायात थाना प्रभारी दीपेन्द्रसिंह कुशवाह की मौजूदगी में जरूरतमंदों ने अपने हाथों से कपड़े देखकर पसंद किए व साथ भी ले गए। इस दौरान एसोसिएशन के प्रदीप छिपानी, निलेश जैन, विरेन्द्र कुमार श्रीमाल, निर्मल गोधा, ओमप्रकाश चितरोड़े, श्यामसुंदर राठौर, अशोक कटारिया, मुकेश जैन, अनुप पंडित, युसुफभाई, फखरूभाई सहित अन्य सदस्यों ने सेवाभाव के साथ कपड़े बांटे।
रात में कंबल के साथ बच्चों व युवाओं की हमदर्दी
शहर के भट भैरव संस्थान के बच्चों व युवाओं ने रविवार की देरशाम व रात को कालिका माता मंदिर परिसर तथा रेलवे स्टेशन परिसर के पास जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। संस्थान के हार्दिक मेहता ने बताया कि सभी बच्चे १२ से १४ वर्ष के है, लेकिन उनका सेवा का जज्बा किसी से कम नहीं था। बच्चों ने ही जरूरतमंदों के बीच जाकर अपने हाथों से उनके कंबल दिए और रात में जरूरत पडऩे पर इस्तेमाल के लिए भी कहा गया। इस दौरान संस्थान के कई युवा सदस्य भी साथ रहे व कंबलों का वितरण किया गया।
पत्रिका आव्हान: आइए हम बढ़ाए कदम, जरूरतमंदों को करे कपड़े भेंट
सर्दी से बचाव के लिए जरूरतमंदों को गर्म कपड़े देने के लिए शहर में ८ संस्थाओं के माध्यम से केन्द्र खोले गए है। इन केन्द्रों पर कोई भी शहरवासी गर्म व अच्छे कपड़े दे सकता है। इन कपड़ों का संस्था के सदस्यों द्वारा जरूरतमंदों को वितरण किया जा रहा है। अन्य संस्थाएं भी अपने केन्द्र खोलने के लिए हमसे संपर्क कर सकती है। जरूरत हर जरूरतमंद को सर्द मौसम के दौरान अपनत्व के एहसास के साथ कपड़े देने की है।
वाट्सएप पर हमारा संपर्क ...९१७९८९००७४
Published on:
27 Nov 2017 12:31 am
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
