
रतलाम. रतलाम जिले में और कितने रिश्वतखोर है ? ये सवाल इसलिए उठ रहा है कि बीते एक हफ्ते में जिले में दो बड़े अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। पहले नगर पालिका की महिला सीएमओ व PWD का बाबू और अब डिप्टी रेंजर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया है। डिप्टी रेंजर ने वन विभाग की ओर से जब्त किए गए एक वाहन को छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
देखें वीडियो- ऐसे रंगेहाथों पकड़ा गया रिश्वतखोर डिप्टी रेंजर
25 हजार की रिश्वत लेते डिप्टी रेंजर गिरफ्तार
मंगलवार को रतलाम वन रेंज के डिप्टी रेंजर तनवीर खान को उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। डिप्टी रेंजर तनवीर खान ने वनोपज का अवैध परिवहन करते हुए पकड़े गए एक वाहन को छोड़ने के लिए फरियादी सुलेमान खान से 1 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। फरियादी सुलेमान पहले ही 70 हजार रुपए डिप्टी रेंजर को दे चुका था और 50 हजार रुपए देने अभी बाकी थी। लेकिन बकाया पैसे देने के पहले फरियादी सुलेमान खान ने लोकायुक्त में मामले की शिकायत की, लोकायुक्त ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर फरियादी को 25 हजार रुपए लेकर डिप्टी रेंजर के पास भेजा। डिप्टी रेंजर तनवीर ने जैसे ही रिश्वत के 25 हजार रुपए लिए लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें- रिश्वतखोर CMO और बाबू की जोड़ी का खेल खत्म
1 हफ्ते में दूसरे रिश्वतखोर अधिकारी पर शिकंजा
बता दें कि ये बीते एक हफ्ते में दूसरा मौका है जब लोकायुक्त की टीम ने रतलाम जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 12 मार्च को लोकायुक्त की टीम ने जावरा तहसील की नगर पालिका की सीएमओ नीता जैन व PWD के बाबू विजय सिंह शेखावत की जोड़ी को 18 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया था। सीएमओ और बाबू की रिश्वतखोर जोड़ी ने एक ठेकेदार से पेंडिंग बिलों के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
ये भी पढ़ें- 22 साल की नौकरी में प्रबंधक बना करोड़पति
जल्द पकड़ाएंगे और भी रिश्वतखोर !
सूत्र बताते हैं कि जिले में रिश्वतखोर अफसरों की लिस्ट काफी लंबी है। खबरें ये भी हैं कि लोकायुक्त के पास भी कई शिकायतें रिश्वतखोर अफसरों की पहुंची हैं जिन पर कार्रवाई की तैयारी है। उम्मीद है कि जल्द ही इन रिश्वतखोरों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
देखें वीडियो- ऐसे रंगेहाथों पकड़ा गया रिश्वतखोर डिप्टी रेंजर
Updated on:
16 Mar 2021, 3:05 PM IST
Published on:
16 Mar 2021, 3:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.