
रतलाम। स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों के बीच शुक्रवार को महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक नहीं हो पाई। चर्चा के दौरान शहर में बंटने वाली करीब ५ हजार डस्टबिन वितरण के लिए परिषद सदस्यों को अचानक सूचना दी गई। इस पर सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए जाने से इंकार कर दिया। हालांकि महापौर के दखल के बाद सदस्य माने और सर्वेक्षण से पूर्व खाद निर्माण की टेंडर प्रक्रिया को लेकर ट्रेचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। वार्डवार कार्यो की रूपरेखा पर बैठक पूर्ण नहीं होने से चर्चा नहीं हुई।
महापौर परिषद की शुक्रवार को दोपहर करीब ३ बजे एक महत्वपूर्ण बैठक की सूचना जारी की गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दिन के समय महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने नगर निगम में स्वच्छता संदेश रथ को परिषद सदस्यों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाई। इसके बाद दोपहर में परिषद की बैठक की सूचना दी गई। निर्धारित समय पर आयुक्त एसके सिंह अपने अमले के साथ महापौर निवास पर पहुंच गए, लेकिन करीब ३० मिनट तक परिषद के सदस्य नहीं पहुंच पाए। इसके बाद दोबारा कई सदस्यों को फिर से फोन लगाया गया। इसी दौरान महापौर डॉ. यार्दे पहुंची। महापौर के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति प्रभारी भगतसिंह भदौरिया और जलकार्य समिति प्रभारी प्रेम उपाध्याय भी आए। शेष सदस्य करीब ४ बजे महापौर निवास पर पहुंचे। बैठक की शुरूआत में आयुक्त ने एजेंडा पढ़कर सुनाया तो डस्टबिन वितरण के लिए शहर मेंं दो से तीन स्थानों पर जाने की बात पर सदस्य नाराज हो गए। परिषद सदस्यों का कहना था कि बैठक के संबंध में सूचना के साथ डस्टबिन वितरण की जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, परिषद सदस्य सूरजसिंह जाट और भदौरिया ने डस्टबिन की संख्या कम होने पर आपत्ति जताई। शहर में करीब ५ हजार डस्टबिन बांटना तय किया गया है, जबकि घरों की संख्या ज्यादा है। वहीं, जुलवानिया ट्रेचिंग ग्राउंड पर कचरे से खाद बनाने की फर्म के चयन और प्रस्ताव को लेकर भी परिषद के सदस्यों ने आपत्ति दर्ज कराई तो इस पर भी चर्चा ही नहीं हो पाई।
महापौर परिषद ने कचरे से खाद बनाने के प्रोजेक्ट की शुरूआत के लिए टेंडर की दर और फर्म निर्धारण को मंजूरी प्रस्तावित की थी, लेकिन कुछ परिषद सदस्यों की आपत्ति एवं प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बाद इस पर चर्चा नहीं की गई। एमआईसी सदस्यों ने खुद बैठक के अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा नहीं की। इसके बाद महापौर के साथ जुलवानिया रोड के ट्रेचिंग ग्राउंड पर कचरा निष्पादन की प्रक्रिया का अवलोकन भी किया। इस दौरान एमआईसी सदस्यों सहित सहायक आयुक्त संदीप मालवीय व प्रभारी अधिकारी भी थे।
वॉल पेटिंग की निविदा पर भी गर्माया मामला
शहर में करीब ३०० स्थानों पर स्वच्छता सर्वेक्षण की वॉल पेंटिग कराने संंबंधी निविदा को फिर से आमंत्रित करने की पूर्व बैठक की स्वीकृति को लेकर भी परिषद सदस्यों की नाराजगी के चलते चर्चा नहीं हो पाई। बैठक के दौरान चर्चा में जब यह मुद्दा आया तो परिषद सदस्यों को बताया गया कि गुणवत्ता संबंधी शिकायत के बाद कार्य को रूकवाया गया है। इसके लिए परिषद की स्वीकृति के अनुसार फर्म का चुनाव कर कार्य पूर्ण होगा।
सामान्य चर्चा की गई
बैठक के दौरान किसी तरह की बहस नहीं हुई। कचरा निष्पादन की प्रक्रिया के लिए ट्रेचिंग ग्राउंड का अवलोकन परिषद सदस्यों ने किया है। डस्टबिन वितरण कार्यक्रम पूर्व से तय नहीं था, इसलिए अब आज से वितरण कराया जाएगा।
- भगतसिंह भदौरिया, प्रभारी ठोस एवं अपशिष्ट प्रबंधन समिति
परिषद के सदस्यों के साथ स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी, वार्डवार कार्य एवं कचरा निष्पादन सहित डस्टबिन वितरण पर चर्चा हुई है। कार्यक्रम निर्धारित किया जा रहा है। ट्रेचिंग ग्राउंड पर निष्पादन कर खाद बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी।
- डॉ. सुनीता यार्दे, महापौर रतलाम
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
30 Dec 2017, 5:09 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़



