
रतलाम. रतलाम पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी करते हुए मां-बेटे की जोड़ी को पकड़ा है। मां-बेटे के पास से पुलिस को 505 ग्राम ब्राउन शुगर मिली है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि मां-बेटे महाराष्ट्र के अकोला के रहने वाले हैं जो मंदसौर के किसी व्यक्ति से ब्राउन शुगर खरीदकर लाए थे और इंदौर होते हुए अकोला जा रहे थे। पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से इस बात की सूचना मिली थी एक महिला व एक युवक इंदौर जाने वाली चार्टड बस नंबर एमपी-09 एफए 8951 से ब्राउन शुगर लेकर जा रहे हैं। इस सूचना पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को ट्रेस किया और जब मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार बस में सवार महिला व युवक को पकड़कर उनके सामान की तलाशी ली तो उनके पास से कुल 505 ग्राम ब्राउन शुगर के दो पैकेट बरामद हुए जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपए है। महिला व युवक मां-बेटे हैं और महाराष्ट्र के अकोला के रहने वाले हैं।
मंदसौर से खरीदी, अकोला में बेचते थे
शुरुआती पूछताछ में महिला मल्लिका खातून और उसके बेटे अफजल खान ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने रतलाम के रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से मंदसौर के एक व्यक्ति से ये ब्राउन शुगर खरीदी थी और इसे लेकर अकोला जा रहे थे। अकोला में वे इस ब्राउन शुगर को छोटी छोटी पुड़ियों में बेचते थे। पुलिस ने अब इनकी मदद करने वाले रिश्तेदार व मंदसौर के उस शख्स की तलाश कर रही है जिससे ब्राउन शुगर खरीदा गया था।
देखें वीडियो- खतरनाक कोबरा सांप ने सर्प विशेषज्ञ को डंसा
Published on:
03 May 2023 05:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
