रतलाम। चुनाव आयोग ने मतदाताओं को लंबी कतार से निजात देने के लिए विभाग को तकनीकी से जोड़ते हुए ऑनलाइन नई सुविधा प्रदान की है। जिसके तहत नया रजिस्ट्रेशन कराने से लेकर नाम, पता, विधानसभा और निर्वाचन केंद्र परिवर्तन कराने जैसी सुविधाएं भी शामिल है। इनके अलावा एसएमएस अलर्ट सेवा और घर बैठे अपने मतदान केंद्र की भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस से लोगों को अपने वोटर आईडी में किसी भी तरह का परिवर्तन करवाने के लिए यहां-वहां चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे अब चेन से अवकाश के दिन भी घर पर बैठकर ऑनलाइन अपने वोटर आईडी संबंधी काम निपटा सकेंगे। इसके लिए सबसे पहले उन्हें सीईओ-मप्र डॉट एनआईसी डॉट इन वेबसाइट खोलनी है। बस इसी की मदद से आप अपना नया वोटर आईडी कार्ड बनवाने से लेकर किसी भी तरह का परिवर्तन करवा सकेंगे। इस काम के लिए आपको इसी वेबसाइट पर ही मतदाता को ऑनलाइन रजिस्टे्रशन की लिंक मिलेगी।