
रत्न शास्त्र: इन 4 रत्नों में होती है धन को आकर्षित करने की क्षमता, जानें किस राशि को करता है सूट
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर रत्न का अपना अलग प्रभाव होता है और किस राशि को वह सूट करता है इसकी जानकारी होना भी जरूरी है। शुभ फल प्राप्त करने के लिए ज्योतिषीय सलाह से कुंडली दिखाकर विधिपूर्वक रत्न धारण करना चाहिए। वहीं रत्न शास्त्र में 4 ऐसे रत्न बताए गए हैं जिन्हें धन के लिए बहुत फायदेमंद माना गया है। तो आइए जानते हैं कौन से हैं वे चार रत्न...
पुखराज रत्न
पुखराज रत्न का संबंध गुरु यानी बृहस्पति ग्रह से माना गया है। मान्यता है कि पुखराज रत्न धारण करने से जीवन में सुख, सौभाग्य और समृद्धि आती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार कर्क, सिंह, धनु और मीन राशि के जातकों के लिए पुखराज धारण करना लाभदायक माना जाता है। एकादशी या बृहस्पतिवार के दिन सोने की अंगूठी में जड़वाकर तर्जनी उंगली में पुखराज रत्न की अंगूठी धारण कर सकते हैं।
सुनहला रत्न
इस रत्न को धन के मामले में बहुत असरकारक माना गया है। मान्यता है कि जिन लोगों के हाथ में पैसा टिकता नहीं है और आर्थिक समस्याएं आती रहती हैं उन्हें ज्योतिषीय सलाह से सुनहला रत्न धारण करना चाहिए। जो लोग पुखराज धारण नहीं कर सकते उनके लिए सुनहला रत्न धारण करना शुभ माना जाता है। इसे मेष, कर्क, वृश्चिक राशि वालों के अलावा धनु और मीन राशि के जातक धारण कर सकते हैं। इसे पहनने से धन-धान्य और यश में वृद्धि होती है।
जेड स्टोन
जेड स्टोन को सौभाग्य बढ़ाने वाला रत्न माना जाता है। ज्योतिषीय सलाह के आधार पर वृषभ, मिथुन, कन्या राशि समेत तुला, मकर और कुंभ राशि के जातक जेड स्टोन धारण कर सकते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यदि आपके कारोबार में मुनाफा नहीं हो रहा है और आमदनी के स्रोत भी नजर नहीं आ रहे हैं तो जेड स्टोन पहनने से सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।
पन्ना रत्न
बुध ग्रह से संबंधित पन्ना रत्न कन्या राशि के लोगों के लिए पहनना फलदायी माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक व्यापार में लाभ और नौकरी में प्रमोशन पाने के साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने के लिए पन्ना रत्न बहुत ही खास होता है।
यह भी पढ़ें: Astro Tips: सुबह उठकर कर लें ये 4 काम, मां लक्ष्मी का सदा रहेगा घर में वास
Updated on:
2 Aug 2022, 2:16 PM IST
Published on:
2 Aug 2022, 2:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.