
सागर. सागर के सुरखी में देवर-भाभी के अवैध संबंधों के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जो चौंका देने वाली है। ये मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है क्योंकि इसमें कातिल वो भाभी है जो जिसके कभी देवर से अवैध संबंध थे। लेकिन जब देवर ने शादी के लिए भाभी से अपने अवैध संबंध खत्म कर दिए और भाभी को ठुकरा दिया तो इस बात को महिला बर्दाश्त नहीं कर पाई और घर छोड़कर चली गई। दूसरे प्रेमी की तलाश की और 6 महीने तक देवर के कत्ल की साजिश रचती रही। 7-8 अगस्त की रात आखिरकार उसे मौका मिला और उसने देवर की प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी।
घर में मिली थी खून से सनी लाश
घटना सागर के सुरखी थाना इलाके के हीरापुर गांव की है जहां 7-8 अगस्त की दरम्यानी रात कंछेदी लोधी नाम के एक 30 साल के युवक की घर में घुसकर बेरहमी से धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। 8 अगस्त की सुबह जब कंछेदी का बड़ा भाई घर पहुंचा था तो छोटे भाई की खून से लथपथ लाश देखी थी। घटना के वक्त मृतक कंछेदी की पत्नी राखी का त्यौहार मनाने के लिए अपने मायके गई थी और वो घर पर अकेला था। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के शरीर पर धारदार हथियारों के कई जख्म और अंगुली कटी हुई मिली थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतक कंछेदी की भाभी के खिलाफ कुछ जानकारी मिली थी और इस आधार पर जब पुलिस ने उसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूलते हुए खौफनाक खुलासा किया।
ठुकराकर रचाई थी शादी, 6 महीने बाद लिया इंतकाम
आरोपी महिला ने पूछताछ में खुलासा किया है उसके देवर कंछेदी के साथ अवैध संबंध थे। लेकिन जब कंछेदी की शादी दूसरी लड़की से तय हो गई तो उसने शादी करने के लिए अवैध संबंध रखने से मना कर दिया। भाभी को ठुकराकर कंछेदी ने दूसरी लड़की से शादी कर ली थी और अवैध संबंध खत्म कर दिए थे। यही बात महिला को नागवार गुजरी और उसने घर और गांव छोड़ दिया और सागर में जाकर रहने लगी। लेकिन वो देवर कंछेदी से बदला लेना चाहती इसलिए उसने सागर में ही रमेश अहिरवार नाम के युवक को अपने प्यार के जाल में फंसाया और फिर दोनों ने मिलकर कंछेदी की हत्या की साजिश रची। महिला और उसका प्रेमी करीब 6 महीने से मौके की तलाश में थे और जब 7-8 अगस्त की रात उन्हें मौका मिला तो उनने घर में घुसकर उसकी धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने महिला के प्रेमी रमेश को भी गिरफ्तार करते हुए महज 4 दिनों के अंदर अंधेकत्ल की वारदात का खुलासा कर दिया।
Published on:
13 Aug 2022, 9:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.