
मुरैना. शादी के बाद हुई मोहब्बत में एक महिला इस कदर अंधी हुई कि उसने पहले तो अपने ही पति की हत्या कर दी और फिर अपनी बूढ़ी सास की भावनाओं के साथ भी करीब 2 साल तक खिलवाड़ करती रही। महिला प्रेमी को पति बनाकर मोबाइल पर बूढी सास से बात कराती रही और बूढ़ी मां उसे अपना बेटा समझती रही। लेकिन इस बार जब कातिल पत्नी ने अपनी ननद से प्रेमी की बात कराई उसके झूठ का पर्दाफाश हो गया। कत्ल की ये खौफनाक साजिश रची गई थी जिसे आखिरकार पुलिस ने बेनकाब कर दिया।
शादी के बाद प्यार फिर अपराध
किसी पेशेवर कातिल की तरह पति के कत्ल को अंजाम देने की घटना मुरैना के सिंहौनिया क्षेत्र के पुरा गांव की है । जहां रहने वाले विश्वनाथ सखवार नाम के युवक की हत्या का खुलासा उसकी मौत के करीब 22 महीने हो पाया। जानकारी के मुताबिक विश्वनाथ अपनी 80 वर्षीय बुजुर्ग मां और पत्नी के साथ रहता था। इसी दौरान विश्वनाथ की पत्नी का उसके ही खेत पर काम करने वाले अरविंद नाम के बटाईदार से अफेयर हो गया। बटाईदार होने के कारण अक्सर विश्वनाथ की गैरमाजूदगी में घर पर आता और उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध बनाने लगा। धीरे-धीरे दोनों के अवैध संबंध इस हद तक पहुंच गए कि प्यार में रोड़ा बनने वाले पति विश्वनाथ को रास्ते से हटाने की साजिश पत्नी ने प्रेमी अरविंद के साथ मिलकर रच डाली।
प्रेमी के लिए पेशेवर तरीके से पति का कत्ल
23 नवंबर 2020 ये वो तारीख थी जिस दिन विश्वनाथ की पत्नी ने प्रेमी अरविंद के साथ मिलकर पति की हत्या की। पेशेवर कातिल की तरह पत्नी और उसके प्रेमी ने प्लान बनाया जिसके तहत पत्नी विश्वनाथ को सामान खरीदने के बहाने बाजार लेकर गई और वहीं पर किसी तरह उसे नींद की गोलियां खिला दीं। नींद की गोलियां खाने के बाद जब विश्वनाथ बेहोश हो गया तो प्रेमी के साथ मिलकर उसके सारे कपड़े उतारे और जिंदा ही नहर में फेंक दिया। पति को जिंदा ही नहर में बहाने के बाद पत्नी घर आ गई और जब दूसरे दिन बूढ़ी सास ने बेटे के बारे में पूछा तो उससे कह दिया कि विश्वनाथ काम करने के लिए बाहर गया है।
बेटा बनाकर प्रेमी से कराती रही बात
80 वर्षीय विश्वनाथ की मां को कम सुनाई पड़ता है और इसी बात का फायदा कातिल पत्नी ने उठाया वो प्रेमी को पति बनाकर सास से बात कराती रही। ये सिलसिला करीब 2 साल से चल रहा था। पति की मौत के सात महीने बाद उसने गांव छोड़ दिया और प्रेमी अरविंद के साथ मुरैना में किराए का कमरा लेकर रहने लगी। जब भी गांव जाती तो सास को प्रेमी से बात कराकर चुप करा देती। लेकिन बीते दिनों जब पत्नी ने अपनी ननद से फोन पर प्रेमी को विश्वनाथ बनाकर बात कराई तो उसे शक हो गया। ननद ने मां के साथ मिलकर पुलिस में भाई की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर बहन के गले से छीनी 'सुहाग की निशानी'
ऐसे खुला राज
बहन और मां के द्वारा विश्वनाथ के गुमशुदा होने की रिपोर्ट लिखाए जाने के बाद जब पुलिस ने मामले की जांच करते हुए विश्वनाथ की सिम को ट्रेस किया तो पता चला कि जिस मोबाइल से सिम को चलाया जा रहा है वो अरविंद का है। पुलिस ने मुखबिर लगाए तो अरविंद और विश्वनाथ की पत्नी के अवैध संबंधों की बात भी सामने आ गई। जिसके बाद पुलिस ने जब दोनों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपियों ने विश्वनाथ को जिंदा नहर में बहाते वक्त उसकी सिम मोबाइल से निकाल ली थी और फिर उसी को अरविंद के मोबाइल में डालकर बात कराई जाती थी। इतना ही नहीं वारदात के कुछ दिनों बाद पुलिस को नहर से विश्वनाथ की सड़ी गली लाश भी बरामद हो गई थी लेकिन तब पहचान न होने के कारण उसे पुलिस ने लावारिश समझकर दफना दिया था।
Published on:
12 Aug 2022, 9:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.