6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Block Pramukh Chunav : जिस ब्लॉक में पति रोजाना लगाते हैं झाड़ू, अब उसी की ब्लॉक प्रमुख बनी पत्नी

Block Pramukh Chunav : बलिया खेड़ी विकासखंड में नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख सोनिया ने तय किया फर्श से अर्श तक का सफर।

2 min read
Google source verification
sonia-and-sunil.jpg

सहारनपुर. 2021 के पंचायत चुनाव में जहां भाजपा ने अप्रत्याशित जीत दर्ज करते हुए इतिहास बनाया है, वहीं इस चुनाव ने कईयों को फर्श से अर्श तक पहुंचाया है। इन्हीं में से एक हैं सहारनपुर जिले के विकासखंड बलियाखेड़ी की नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख सोनिया। बता दें कि सोनिया के पति सुनील इसी ब्लॉक में सफाई कर्मचारी हैं। जबकि सोनिया गृहणी हैं। सुनील ने बीए पास पत्नी सोनिया को बीडीसी का चुनाव लड़वाया और मेहनत करके जीतने में कामयाब हुए। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए आरक्षण के हिसाब से भाजपा को अनुसूचित जाति की महिला प्रत्याशी खड़ा करना था। भाजपा नेता मुकेश चौधरी ने पार्टी हाईकमान को बीडीसी सोनिया का नाम सुझाया तो उस पर आम सहमति बन गई। सोनिया को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया तो उनके सामनेे कोई खड़ा नहीं हुआ और इस तरह सोनिया उसी ब्लॉक की प्रमुख बन गई, जिस ब्लॉक में उनके पति रोजाना झाड़ू लगाते हैं।

यह भी पढ़ें- किचन में रखे सामान कोरोना से लड़ाई में करेंगे मदद, आयुष कवच ऐप का नया फीचर 'आयुर्वेद किचन' बताएगा घरेलू नुस्खों से इलाज

दरअसल, सहारनपुर के गांव नल्हेडा गुर्जर के रहने वाले सुनील कुमार बलिया खेड़ी ब्लॉक में सफाई कर्मचारी हैं। पंचायत चुनाव की घोषणा हुई तो बीडीसी की सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई। ग्रामीणों के कहने पर सुनील ने बीडीसी के पद पर 26 वर्षीय पत्नी सोनिया काे खड़ा कर दिया। सुनील ने पत्नी को जिताने के खूब मेहनत की। वहीं, ग्रामीणों ने भी बीए पास सोनिया के पक्ष में मतदान किया और सोनिया बीडीसी का चुनाव जीत गईं। इसके बाद बारी थी ब्लॉक प्रमुख के चुनाव की, जो पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया था। इसी बीच भाजपा पढ़ी लिखी अनुसूचित महिला प्रत्याशी की तलाश कर रही थी। पार्टी हाईकमान को भाजपा नेता मुकेश चौधरी ने सोनिया का नाम सुझाया तो उस पर आम सहमति बन गई। भाजपा के पास बहुमत के चलते सोनिया के सामने कोई खड़ा नहीं हुआ और सोनिया निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख पद के लिए निर्वाचित हुईं।

पति करते रहेंगे नौकरी

नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख सोनिया बेहद खुश हैं। ब्लॉक प्रमुख सोनिया का कहना है कि चुनाव जिताने में उनके पति और परिवार ने भरपूर सहयोग किया है। उन्हाेंने कहा कि अब उनकी प्राथमिकता गांवों का विकास कराना है। वह उनको वोट देने वाली जनता के भरोसे पर खरा उतरेंगी और गांवों के विकास के लिए जीतोड़ मेहनत करेंगी। उन्होंने कहा कि पति ने भी फैसला किया है कि वह नौकरी करते रहेंगे। क्योंकि घर तो उन्हीं के वेतन से चलता है। सोनिया ने कहा कि वह ब्लॉक प्रमुख केवल पांच साल के लिए हैं, लेकिन पति की नौकरी तो पूरे 60 साल तक चलेगी। यहां बता दें कि बेलडा जुनारदार की रहने वाली सोनिया की शादी 2014 में नल्हेडा गांव निवासी सुनील कुमार के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। उनके अलावा परिवार में सास और देवर हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी सरकार की इस योजना में महिलाओं को हर माह मिलेंगे 4,000 रुपए, जल्दी करें चूकने पर भारी नुकसान