4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गजब: सहारनपुर में पुलिस हिरासत से प्रेमिका को फिल्मी स्टाइल में छुड़ाकर ले भागा युवक

युवती के बयान कराने के लिए नारी निकेतन से न्यायालय ले जा रही थी महिला होमगार्ड

2 min read
Google source verification
Saharanpur

सहारनपुर. नारी निकेतन से न्यायालय ले जाई जा रही एक लड़की को उसका कथित प्रेमी फिल्मी अंदाज में महिला होमगार्ड की हिरासत से छुड़ाकर ले गया। जिस समय यह घटना हुई पुलिस युवती को बयान कराने के लिए नारी निकेतन से न्यायालय ले जा रही थी। इसी दौरान शहर के बीचों-बीच ऑटो से उतर रही महिला होमगार्ड को युवक ने धक्का दिया और लड़की को फिल्मी अंदाज में बाइक पर बिठाकर फरार हो गया। यह देख इस युवती को न्यायालय ले जा रही महिला होमगार्ड ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और युवक लड़की को लेकर फरार हो चुका था। पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी करते हुए बाइक पर फरार हुए इस जोड़े की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन घटना के 2 घंटे बाद तक भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी थी। यह घटना जनकपुरी थाना क्षेत्र में हुई थाना प्रभारी शैलेंद्र शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि फरार हुए लड़का-लड़की की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- अजब-गजब: यूपी के इस जिले के एसएसपी की आलीशान कोठी का किराया जानकर हैरान रह जाएंगे आप, देखें वीडियो-

गंगोह थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है लड़की

बताया जा रहा है कि जिस लड़की को लेकर यह लड़का फिल्मी अंदाज में लेकर फरार हुआ है वह गंगोह थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों युवती एक लड़के के साथ फरार हो गई थी, जिसे बाद में नारी निकेतन भेज दिया गया था। अब शनिवार को इसे नारी निकेतन से बयान कराने के लिए न्यायालय ले जाया जा रहा था और इसी दौरान अंबेडकर चौक पर यह घटना घट गई। माना जा रहा है कि यह वही लड़का है, जिसके साथ यह लड़की पूर्व में फरार हुई थी।

ऐसे हुए दोनों फरार

घटना करीब 12:00 बजे की है। जनता रोड स्थित नारी निकेतन से इस लड़की को एक महिला होमगार्ड अपनी सुरक्षा में लेकर न्यायालय ले जाने के लिए रवाना हुई। ऑटो में बैठकर दोनों न्यायालय के लिए रवाना हुए तो अंबेडकर चौक पर इन्हें ऑटो बदलना पड़ गया। बताया जाता है कि अभी महिला होमगार्ड दूसरे ऑटो की बाट जोह रही थी कि इसी दौरान बाइक पर सवार होकर एक युवक आया और उसने बेहद तेजी दिखाते हुए इस लड़की को अपनी बाइक पर बिठा लिया। इससे पहले कि महिला होमगार्ड कुछ समझ पाती युवक ने बेहद चतुराई दिखाते हुए फिल्मी अंदाज में बाइक दौड़ा दी और होमगार्ड चिल्लाती रह गई। महिला होमगार्ड को चिल्लाता हुआ देख बाद में यहां भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और लोगों ने घटना के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि पुलिस से छुड़ाकर एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर फरार हो गया है।

यह भी पढ़ें- गजब: परिवार कर रहा था जुड़वां बच्चों का इंतजार, पैदा हो गए चार

होमगार्ड को धक्का देने के बाद दिया घटना को अंजाम

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि जब महिला होमगार्ड इस लड़की को अपने साथ लिए ऑटो की इंतजार में खड़ी हुई थी तो तभी बाइक पर आए युवक ने महिला होमगार्ड को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उसके तुरंत बाद लड़की को अपनी बाइक पर बैठा लिया और दोनों फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। इस घटना को कैसे अंजाम दिया गया यह तो जांच का विषय है, लेकिन फिलहाल इस घटना ने सहारनपुर पुलिस हिरासत की पोल खोल दी है।

यह भी पढ़ें- सावधान! अब बालकनी से सड़कों पर कचरा फेंकने वालों पर लगेगा 5 हजार का जुर्माना

Story Loader